दरभंगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई! चर्चित कथावाचक श्रवण दास जी महाराज गिरफ्तार,नाबालिग लड़की से किया था दुष्कर्म
बिहार के दरभंगा जिले में एक चर्चित कथावाचक के खिलाफ गंभीर यौन शोषण का मामला सामने आया है. मिथिलांचल में प्रवचनों के लिए प्रसिद्ध श्रवण दास महाराज को महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. यह मामला आस्था और विश्वास की आड़ में हुई कथित धोखाधड़ी का है, जिसने इलाके में व्यापक आक्रोश पैदा कर दिया है.
शादी का प्रलोभन देकर यौन शोषण!: पीड़िता की मां के आवेदन पर महिला थाना में थाना कांड संख्या 182/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. आरोप है कि श्रवण दास ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर पिछले करीब एक साल तक लगातार शारीरिक संबंध बनाए. इस दौरान पीड़िता गर्भवती हो गई, जिसके बाद आरोपी ने जबरन गर्भपात कराने का भी आरोप लगा है. पीड़िता मानसिक और सामाजिक रूप से बुरी तरह प्रताड़ित होती रही.
वायरल वीडियो ने बढ़ाईं मुश्किलें: मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब सोशल मीडिया पर कथावाचक और पीड़िता की कथित शादी का एक वीडियो वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. लोगों ने इसे असली शादी माना, लेकिन आरोपी ने बाद में इस शादी को पूरी तरह झूठ करार दिया और पीड़िता को पत्नी के रूप में स्वीकार करने से इनकार कर दिया. इसी धोखे के बाद पीड़िता ने कानून का सहारा लिया.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई: प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने साक्ष्यों की जांच की. पर्याप्त प्रमाण मिलने पर महिला थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए श्रवण दास को हिरासत में ले लिया. आरोपी से पूछताछ जारी है, जबकि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं. पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष रूप से चल रही है.
अनुयायियों और स्थानीय लोगों में चर्चा: श्रवण दास महाराज मिथिलांचल के जाने-माने कथावाचक हैं, जो धार्मिक आयोजनों में प्रवचन देते थे. उनकी गिरफ्तारी के बाद उनके अनुयायियों और स्थानीय लोगों में भारी चर्चा है. एक तरफ लोग इस घटना की कड़ी निंदा कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ कुछ लोग सदमे में हैं. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून सबके लिए बराबर है और दोषी को सख्त सजा मिलेगी.
पुलिस ने बताया कि जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है. आरोपी को न्यायिक हिरासत में रखा गया है. पीड़िता को न्याय मिलने की उम्मीद है, जबकि प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोष सिद्ध होने पर सख्त से सख्त कार्रवाई होगी.
“मामला दर्ज होने के बाद जांच के क्रम में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर कथावाचक श्रवण दास महाराज को गिरफ्तार किया गया है. आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है. मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.”-थानाध्यक्ष, महिला थाना






Total Users : 10069912
Views Today : 758