Explore

Search

February 11, 2026 9:42 am

बिहार में 50 हजार रिश्वत लेते घूसखोर बीडीओ गिरफ्तार

 

बिहार में 50 हजार रिश्वत लेते घूसखोर बीडीओ गिरफ्तार

बिहार के गया में पटना से पहुंची निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. निगरानी विभाग की टीम की कार्रवाई में नगर बीडीओ राकेश कुमार को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है. निगरानी ने रिश्वत की 50 हजार की राशि के साथ बीडीओ राकेश कुमार को मौके से धर दबोचा. गिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम उन्हें पटना लेकर रवाना हो गई.

कई योजनाओं में रिश्वत मांगने का आरोप : दरअसल, नगर प्रखंड प्रमुख सुचिता रंजनी ने इसकी शिकायत निगरानी में दर्ज कराई थी. निगरानी ने शिकायत दर्ज करने के बाद इसका सत्यापन किया और सोमवार को टीम गयाजी पहुंची. गया पहुंचने के बाद निगरानी की टीम ने कार्रवाई करते हुए रिश्वत की 50 हजार की राशि के साथ बीडीओ को गिरफ्तार कर लिया.
बताया जाता है कि प्रखंड प्रमुख के चैंबर में रिश्वत की राशि बीडीओ राकेश कुमार ले रहे थे. इसी दौरान जाल बिछाए निगरानी टीम के सदस्यों ने बीडीओ को रिश्वत की राशि के साथ गिरफ्तार कर लिया. इस गिरफ्तारी से नगर प्रखंड में हड़कंप मच गया.

‘कई शिकायतें मिली है’ : इस संबंध में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो पटना के पुलिस उपाधीक्षक सत्येंद्र राम ने बताया कि राकेश कुमार योजना संख्या 325/26 में एक लाख की रिश्वत मांग रहे थे. प्रथम किस्त के तौर पर 50 हजार लेने प्रखंड प्रमुख के चैंबर में पहुंचे थे. बीडीओ के खिलाफ कई शिकायतें आई है. कई ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मिले हैं. आगे की कार्रवाई की जा रही है.

”नगर प्रखंड की प्रमुख सुचिता रंजनी के द्वारा निगरानी में शिकायत दर्ज कराई गई थी. शिकायत थी कि बीडीओ के द्वारा योजना को लेकर 1 लाख की रिश्वत मांगी जा रही है. सत्यापन के बाद आज कार्रवाई की गई. 50 हजार की प्रथम किस्त रिश्वत की राशि लेते रंगे हाथ उन्हें दबोचा गया है. बीडीओ की गिरफ्तारी के बाद उन्हें पटना ले जाया जा रहा है. अग्रतर कार्रवाई की जा रही है.”- सत्येंद्र राम, पुलिस उपाधीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना
वहीं प्रखंड प्रमुख सुचिता रंजनी ने बताया कि बीडीओ के द्वारा हर विकास के कार्यों में रिश्वत की मांग की जा रही थी. इससे सभी काफी परेशान थे. अंतत: इसकी शिकायत निगरानी में की गई. शिकायत के बाद आज निगरानी की कार्रवाई हुई.

”बीडीओ का दुस्साहस था कि यह बार-बार फोन कर पैसे मांगते थे. गूगल पे करने की भी बात कहते थे. काफी लोगों से शिकायत मिलने के बाद हमने यह कदम उठाया.”- सुचिता रंजनी, प्रमुख, नगर प्रखंड

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!