Samastipur News: 3 साल से नहीं मिला मानदेय, लिलहौल–फुलहरा पंचायत के स्वच्छता कर्मियों में आक्रोश
3 वर्षों से मानदेय नहीं: लिलहौल–फुलहरा पंचायत के स्वच्छता कर्मियों में आक्रोश, भुखमरी की नौबत
समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड के अंतर्गत लिलहौल और फुलहरा ग्राम पंचायत के स्वच्छता कर्मियों को पिछले तीन वर्षों से मानदेय नहीं मिलने का मामला सामने आया है। भुगतान नहीं होने से कर्मियों और उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट और भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है।
स्वच्छता कर्मियों का कहना है कि वे पंचायत क्षेत्र में नियमित रूप से साफ-सफाई और कूड़ा उठाने का कार्य करते हैं, बावजूद इसके उन्हें उनका मेहनताना नहीं दिया गया। उनका आरोप है कि जब उन्होंने पंचायत सेवक राजेश कुमार से भुगतान की मांग की, तो उन्हें जवाब मिला कि “सरकार से राशि नहीं आई है, जमीन बेचकर दूं क्या?” कर्मियों ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत सेवक पंचायत कार्यालय में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते।
मामले से नाराज स्वच्छता कर्मी प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर बीपीआरओ से शिकायत की और बकाया मानदेय के शीघ्र भुगतान की मांग की। इस संबंध में बीपीआरओ से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि स्वच्छता कर्मी पंचायत की सफाई व्यवस्था की रीढ़ हैं, ऐसे में उनके मानदेय का वर्षों तक बकाया रहना गंभीर प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच और भुगतान की कार्रवाई पर टिकी है।






Total Users : 10069927
Views Today : 825