SBI सिंघिया में बंद खाता चालू नहीं होने पर ग्राहक ने RBI CMS में दर्ज कराई शिकायत
छात्रवृत्ति और अनुदान राशि अटकी, बार-बार बैंक के चक्कर लगाने के बाद उठाया कदम
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड स्थित State Bank of India (SBI) शाखा सिंघिया में एक ग्राहक को अपने बंद पड़े खाते को चालू कराने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
खाताधारी दुर्गेश कुमार ने बताया कि उनका बचत खाता, जो सीएसपी के माध्यम से खोला गया था, वर्तमान में बंद हो चुका है। खाता बंद रहने के कारण उन्हें छात्रवृत्ति और एससी हॉस्टल से मिलने वाली अनुदान राशि का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने बताया कि खाता चालू कराने के लिए उन्होंने बैंक में कई बार संपर्क किया और केवाईसी (KYC) से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज भी जमा किए। इसके बावजूद बैंक कर्मियों द्वारा उन्हें कभी खाता अपग्रेड करने की बात कही गई, तो कभी खाता चालू न होने की जानकारी दी गई।
दुर्गेश कुमार का आरोप है कि बैंक द्वारा दिया गया यह जवाब Reserve Bank of India (RBI) के नियमों के विपरीत है। लगातार बैंक के चक्कर काटने के बाद भी समाधान नहीं मिलने पर उन्होंने अंततः RBI के CMS (Complaint Management System) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है।
उन्होंने वरीय अधिकारियों से मांग की है कि उनके बंद पड़े खाते को जल्द से जल्द चालू कराया जाए, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली राशि का लाभ मिल सके।






Total Users : 10078992
Views Today : 224