Explore

Search

March 27, 2026 3:40 pm

प्रवेश से प्रगति तक’ 30 मार्च को शिवाजीनगर के सभी स्कूलों में होगी अभिभावक शिक्षक संगोष्ठी बच्चों के प्रगति पत्रक को अभिभावकों से किया जाएगा साझा

‘प्रवेश से प्रगति तक’ 30 मार्च को शिवाजीनगर के सभी स्कूलों में होगी अभिभावक शिक्षक संगोष्ठी
बच्चों के प्रगति पत्रक को अभिभावकों से किया जाएगा साझा

शिवाजीनगर प्रखंड के सभी प्रारंभिक विद्यालयों में सोमवार 30 मार्च को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (पीटीएम) का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को पत्र जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि मई 2025 से बिहार के सभी प्रारंभिक विद्यालयों में वार्षिक कैलेंडर के अनुसार नियमित रूप से अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में इस माह सोमवार 30 मार्च को प्रखंड के सभी विद्यालयों में एक साथ पीटीएम आयोजित की जाएगी। इस बार संगोष्ठी का थीम ‘प्रवेश से प्रगति तक’, विद्यालय और अभिभावक साथ-साथ निर्धारित की गई है। इस थीम के तहत नये सत्र में बच्चों का विद्यालय में शत-प्रतिशत नामांकन के साथ-साथ उनके समग्र विकास में विद्यालय और अभिभावकों की साझा भूमिका को रेखांकित किया जाएगा। वहीं दूसरी ओर बच्चों के प्रगति पत्रक को अभिभावकों के बीच साझा कर उनके बच्चों के वार्षिक मूल्यांकन के दौरान किए गए प्रदर्शन पर चर्चा की जायेगी। शिक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वे अभिभावकों को यह समझाएं कि बच्चों के अधिगम, अनुशासन, स्वास्थ्य और नियमित उपस्थिति में घर और स्कूल दोनों की बराबर जिम्मेदारी होती है। पीटीएम के माध्यम से पोषक क्षेत्र के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने के लिए अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। शिक्षा विभाग की ओर से इस संगोष्ठी के सफल आयोजन के लिए राज्य स्तर पर विस्तृत मार्गदर्शिका भी जारी की गई है, जिसके आधार पर सभी विद्यालयों को कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। संगोष्ठी के सफल संचालन के लिए जिला स्तर से लेकर प्रखंड और विद्यालय स्तर तक जिम्मेदारियां तय की गई हैं। विद्यालयों का निरीक्षण भी किया जाएगा, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कार्यक्रम निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही संपन्न हो। वहीं सीआरसी समन्वयकों को निर्देश दिया गया है कि वे कम से कम दो विद्यालयों का भ्रमण कर एक केस स्टडी तैयार कर विभाग को उपलब्ध कराएं। पीटीएम से पहले विद्यालयों में चेतना सत्र के दौरान लाउडस्पीकर के माध्यम से अभिभावकों को संगोष्ठी में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा वर्गवार बैठक आयोजित कर अलग अलग विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसमें बच्चों की नियमित पढ़ाई, परीक्षा के समय अभिभावकों की भूमिका, भावनात्मक और शैक्षिक सहयोग, तथा बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण में पोषण वाटिका की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को शामिल किया गया है। संगोष्ठी में बच्चों और अभिभावकों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष पहल भी की जाएगी। प्रत्येक वर्ग से एक ऐसे छात्र का चयन किया जाएगा, जिसका पिछले माह का प्रदर्शन बेहतर रहा हो, उसे स्टूडेंट ऑफ द मंथ घोषित किया जाएगा। वहीं ऐसे अभिभावक, जिन्होंने अपने बच्चे को घर पर पढ़ाई, नियमित विद्यालय भेजने और साफ सफाई बनाए रखने में सहयोग दिया है, उन्हें अभिभावक ऑफ द मंथ के रूप में सम्मानित किया जाएगा।
शिक्षकों को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे छह वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी बच्चों के नामांकन को लेकर अभिभावकों से संवाद करें। साथ ही बच्चों की कक्षावार शैक्षणिक प्रगति की जानकारी साझा करते हुए उन्हें नियमित विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करें। अभिभावकों को यह सुझाव भी दिया जाएगा कि वे घर में पढ़ाई के लिए एक अलग कोना निर्धारित करें, जहां बच्चा नियमित रूप से पढ़ सके और विद्यालय से दिए गए गृहकार्य को समय पर पूरा कर सके। इसके अतिरिक्त बच्चों की व्यक्तिगत स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है। अभिभावकों को बच्चों को प्रतिदिन साफ सुथरी यूनिफॉर्म पहनाकर विद्यालय भेजने, नाखून काटने और साफ सफाई का ध्यान रखने के लिए जागरूक किया जाएगा, ताकि बच्चों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
शिवाजीनगर बीईओ रामजन्म सिंह ने बताया कि 30 मार्च को सभी प्रारंभिक विद्यालयों में अभिभावक शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभागीय निर्देश के अनुरूप पीटीएम का सफल आयोजन सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों और शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!