Explore

Search

May 7, 2026 8:20 pm

सीएम सम्राट चौधरी की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, AI, एरोसिटी और पर्यटन विकास पर जोर

सीएम सम्राट चौधरी की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, AI, एरोसिटी और पर्यटन विकास पर जोर

सांस्कृतिक धरोहरों की ब्रांडिंग से लेकर हवाई अड्डों के विस्तार तक कई अहम निर्देश

पटना | मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में आज माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, सिविल विमानन विभाग तथा नगर विकास एवं आवास विभाग की विस्तृत समीक्षा की और कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जिला स्तर पर सांस्कृतिक धरोहरों की पहचान कर उन्हें पर्यटकों तक सरल और प्रभावी तरीके से पहुँचाया जाए। उन्होंने बिहार में हुए विकास कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत ब्रांडिंग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
तकनीक के उपयोग पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए रियल टाइम मॉनिटरिंग को प्रभावी बनाने और सरकारी कार्यों में इसके व्यापक उपयोग की संभावनाओं पर काम करने का निर्देश दिया।
राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने सरकारी जमीनों को चिह्नित कर उनका उपयोग विज्ञापन आदि के माध्यम से करने की बात कही, ताकि संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल हो सके।
वहीं, राज्य में एरोसिटी के विकास को लेकर उन्होंने कहा कि प्रमुख हवाई अड्डों के आसपास वाणिज्यिक, आतिथ्य, लॉजिस्टिक्स और पर्यटन आधारित अवसंरचना विकसित की जाएगी। साथ ही छोटे एवं क्षेत्रीय हवाई अड्डों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में हवाई अड्डों के समग्र विकास के लिए योजना तैयार करने, सुरक्षा और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा उड़ान योजना के तहत रनवे विस्तार, टर्मिनल निर्माण और संचालन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर हवाई संपर्क मिलेगा, जिससे क्षेत्रीय संतुलित विकास को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही एरोसिटी परियोजनाओं और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत से राज्य की अर्थव्यवस्था और पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी।
इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने नगरीय विकास के लिए दीर्घकालिक योजना बनाने, शहरों की साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन में सुधार और शहरी नक्शों को डिजिटाइज कर आम लोगों के लिए सुलभ बनाने पर भी जोर दिया।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!