Explore

Search

April 24, 2026 8:46 pm

7 बजे स्कूटी खरीदी, 12 बजे चार्जिंग के दौरान हो गया उसमें ब्लास्ट

7 बजे स्कूटी खरीदी, 12 बजे चार्जिंग के दौरान हो गया उसमें ब्लास्ट

बिहार के नवादा से डरा देने वाली खबर सामने आई है. दरअसल यहां चार्जिंग के दौरान नई इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक ब्लास्ट हो गया जिससे घर में भीषण आग लग गई. इस घटना से घर में रखी लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई. हालांकि गनीमत रही की हादसे में परिवार के लोग बाल-बाल बच गए. वहीं घटना के बाद पीड़ित ने शोरूम और थाने में शिकायत दर्ज कराई है.

चार्जिंग के लिए लगाई गई थी स्कूटी: जानकारी के अनुसार नवादा स्थित वारसलीगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-6 में वार्ड पार्षद सुनैना देवी के घर यह घटना घटी. दरअसल उनके बेटे विकास कुमार ने बुधवार की शाम करीब 7 बजे नई इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी. बताया जा रहा है कि रात लगभग 12 बजे स्कूटी को घर में चार्जिंग के लिए लगाया गया था.
नई स्कूटी जलकर पूरी तरह नष्ट: पीड़ित विकास ने बताया कि ब्लास्ट से करीब 10 मिनट पहले स्कूटी से धुआं निकलता दिखाई दिया. स्थिति को समझते हुए वह घर से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी जोरदार धमाका हो गया. उनकी आंखों के सामने नई स्कूटी जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई.
3 से 4 लाख रुपये का हुआ नुकसान: पीड़ित परिवार के मुताबिक इस हादसे में घर के अंदर रखा टीवी, स्पीकर, फ्रिज, पंखा, फर्नीचर, बाइक समेत कई जरूरी सामान जलकर राख हो गए. स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना में करीब 3 से 4 लाख रुपये का नुकसान हुआ है.

स्कूटी खरीदने के महज कुछ घंटे बाद हुआ हादसा: पीड़ित के भाई उदय कुमार ने बताया कि स्कूटी खरीदने के महज कुछ घंटे बाद ही यह हादसा हो गया. रात में सभी लोग कमरे में सो रहे थे, तभी जलने की गंध महसूस हुई. कुछ ही देर बाद जोरदार धमाका हुआ और आग तेजी से पूरे घर में फैल गई.

“मेरा भाई शोरूम से नई बाईक खरीदकर लाया. लाकर पूजा करने के बाद उसको चार्चिंग पर लगाया. चार्ज पर लगाते ही दो घंटे बाद उसकी बैटरी बलास्ट कर गई.” – उदय कुमार, पीड़ित के भाई

कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया आग पर काबू: वहीं घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि समय रहते परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!