Explore

Search

June 8, 2026 12:12 am

कोर्ट में सुनवाई के बाद बेतिया में देर रात फायरिंग, इलाके में दहशत का माहौल

कोर्ट में सुनवाई के बाद बेतिया में देर रात फायरिंग, इलाके में दहशत का माहौल

बेतिया, बिहार: पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया अंतर्गत साठी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात हुई अंधाधुंध फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार रात करीब 3 बजे दो बाइक पर सवार तीन युवक पांडे टोला पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी की आवाज सुनकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

घटना की सूचना मिलते ही साठी थाना पुलिस, एफएसएल टीम तथा नरकटियागंज एसडीपीओ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से पांच खोखे बरामद किए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार करीब छह राउंड गोलियां चलाई गईं। घटना के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर लोगों से पूछताछ शुरू की तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला एक पारिवारिक विवाद से जुड़ा हो सकता है। बताया जा रहा है कि एक वैवाहिक विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव था और लड़की पक्ष की ओर से दहेज उत्पीड़न का मामला भी दर्ज कराया गया था। शनिवार को इसी मामले में कोर्ट में दोनों पक्षों की सुनवाई हुई थी।

नरकटियागंज के एसडीपीओ जय प्रकाश सिंह ने बताया कि फायरिंग की घटना की पुष्टि हुई है तथा मौके से पांच खोखे बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी में जुटी हुई है।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!