Viral News चलती ट्रेन में दोस्ती, फिर टॉयलेट में बंधक! सासाराम स्टेशन पर युवक-युवती का हाई-वोल्टेज ड्रामा
बिहार के रोहतास जिले स्थित सासाराम रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला जब एक युवक और युवती के बीच स्टेशन के बाहर जमकर विवाद और हाथापाई होने लगी। मौके पर भारी भीड़ जुट गई, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार आगरा से गया जा रही ट्रेन में सफर के दौरान युवक और युवती की मुलाकात हुई थी। युवती का आरोप है कि उसे प्रयागराज स्टेशन पर उतरना था, लेकिन युवक ने उसे उतरने नहीं दिया। युवती ने आरोप लगाया कि मुगलसराय स्टेशन के बाद युवक ने उसे ट्रेन के शौचालय में बंद कर दिया और विरोध करने पर चाकू एवं ब्लेड दिखाकर धमकाया।
युवती के अनुसार सासाराम स्टेशन पहुंचने पर उसने शोर मचाया, जिसके बाद यात्रियों की मदद से वह शौचालय से बाहर निकल सकी और ट्रेन से उतरकर स्टेशन परिसर से बाहर भागी। आरोपी युवक भी उसके पीछे-पीछे बाहर आ गया। स्टेशन के बाहर धर्मशाला मोड़ के पास युवती ने युवक को पकड़ लिया, जिसके बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस के अनुसार युवक खुद को आगरा का निवासी बता रहा है और उसका कहना है कि ट्रेन यात्रा के दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई थी।
युवती ने मामले की शिकायत पुलिस से की है तथा अपने परिजनों को भी सासाराम बुलाया है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
नगर थाना के थानाध्यक्ष शिवेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ है। परिजनों को बुलाया गया है तथा सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




Total Users : 10114904
Views Today : 49