सिंघिया में जमीन दाखिल-खारिज और परिमार्जन के नाम पर साइबर ठगी का मामला, सीओ ने लोगों को किया सतर्क
समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड क्षेत्र में जमीन के दाखिल-खारिज और परिमार्जन के नाम पर साइबर फ्रॉड गिरोह सक्रिय होने का मामला सामने आया है। गिरोह के सदस्य लोगों को फोन कर आवेदन रिजेक्ट करने की धमकी देकर रुपये की मांग कर रहे हैं।
इस मामले को लेकर दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के अंतर्गत देकुली ग्राम निवासी मो. अब्दुल अहमद ने सिंघिया अंचलाधिकारी सरिता रानी को आज शनिवार को लिखित शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि सिंघिया प्रखंड के फुलहरा मौजा स्थित अपनी जमीन की रसीद कटवाने और परिमार्जन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। इसके बाद मोबाइल नंबर 9031648836 से फोन आया और कहा गया कि 3 हजार रुपये फोन-पे कर दीजिए, नहीं तो आवेदन रिजेक्ट हो जाएगा। उन्होंने रुपये भेज दिए, लेकिन बाद में पता चला कि फोन करने वाले साइबर ठग थे।
वहीं सिंघिया नगर पंचायत के सिवैया ग्राम निवासी रामचंद्र दास ने भी अंचल कार्यालय पहुंचकर इसी तरह की शिकायत की। उन्होंने बताया कि दाखिल-खारिज में लगाए गए कागजात गलत बताकर रिजेक्ट करने की धमकी दी गई और 3 हजार रुपये की मांग की गई।
अंचलाधिकारी सरिता रानी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अंचल कार्यालय द्वारा किसी भी कार्य के लिए फोन पर रुपये की मांग नहीं की जाती है। ऐसे साइबर ठगों से सावधान रहें और किसी को भी पैसे नहीं भेजें।



Total Users : 10134681
Views Today : 3612