आगरा में पत्नी ने पति की हत्या कर शव को बाथरूम में दफनाया, 45 दिन बाद खुला सनसनीखेज राज
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक बेहद सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। सिकंदरा थाना क्षेत्र की रेणुका धाम कॉलोनी में एक महिला ने कथित तौर पर अपने पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफना दिया। आरोपी ने किसी को शक न हो, इसके लिए शव के ऊपर मिट्टी डालकर प्लास्टर कराया और नई टाइल्स भी लगवा दीं। करीब 45 दिनों तक वह पति के लापता होने की कहानी सुनाती रही।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान महिला के व्यवहार पर संदेह होने के बाद सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने बाथरूम का फर्श तुड़वाया, जहां से मृतक सुरेंद्र कुमार शर्मा का कंकाल बरामद हुआ। पुलिस ने अवशेषों को पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
मृतक के भाई अनिल शर्मा ने बताया कि उन्होंने कई बार अपने भाई के बारे में आरोपी रूबी से पूछा, लेकिन उसने हमेशा टालमटोल किया। बाद में उसने कथित तौर पर खुद स्वीकार किया कि उसने सुरेंद्र की हत्या कर शव को बाथरूम में दफना दिया है।
पुलिस का कहना है कि इतनी बड़ी वारदात को अकेले अंजाम देना आसान नहीं लगता। इसलिए इस बात की भी जांच की जा रही है कि हत्या और शव को ठिकाने लगाने में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। फिलहाल आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।
पुलिस की जांच जारी:
प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और पति की शराब की लत को विवाद का कारण माना जा रहा है। हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम का खुलासा फॉरेंसिक रिपोर्ट व विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।



Total Users : 10141629
Views Today : 11