पूर्णिया में टेंडर राशि भुगतान के बदले 46 हजार रुपये रिश्वत लेते वैसा बीडीओ और उनके सहायक को निगरानी टीम ने गिरफ्तार किया.
बिहार के पूर्णिया जिले में भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है. विशेष निगरानी इकाई (SVU) की टीम ने कार्रवाई करते हुए वैसा प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) राजकुमार चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है. सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों में भ्रष्टाचार की जड़ें बेहद गहरी नजर आ रही हैं.
रंगेहाथ दबोचे गए ब्लॉक BDO: स्पेशल विजिलेंस टीम ने बीडीओ राजकुमार चौधरी को उनके सरकारी आवास पर 46 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ दबोचा है. एक शिकायतकर्ता ने निगरानी विभाग में बीडीओ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. जांच में मामला सही पाए जाने के बाद विभाग ने जाल बिछाकर यह कार्रवाई की.
टेंडर भुगतान के बदले मांगी रिश्वत: निगरानी डीएसपी कृष्ण कुमार गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने विशेष निगरानी विभाग से शिकायत की थी. वादी से उसकी टेंडर राशि के भुगतान के एवज में रुपयों की मांग की जा रही थी. इसी शिकायत के आधार पर विशेष टीम वैसा प्रखंड कार्यालय पहुंची और घूस लेते अधिकारी को गिरफ्तार किया.
आवास से नकद और कागजात बरामद: गिरफ्तारी के बाद बीडीओ के सरकारी आवास की गहन तलाशी ली गई. इस दौरान उनके आवास से 1 लाख 25 हजार रुपये की अतिरिक्त नकदी और कुछ संदिग्ध कागजात भी बरामद किए गए हैं. पुलिस बरामद किए गए इन सभी रुपयों और दस्तावेजों का बारीकी से सत्यापन कर रही है.
सहयोगी सहायक भी गिरफ्तार: इस पूरी भ्रष्टाचार की वारदात में बीडीओ के साथ उनका निजी सहायक सेवक छोटू कुमार भी शामिल था. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीडीओ के इस निजी सहायक को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया है. इसके बाद दोनों आरोपियों को रोटा थाना लाकर आगे की कागजी प्रक्रिया पूरी की गई.
निगरानी कोर्ट पटना में होगी पेशी: विशेष निगरानी इकाई के डीएसपी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कस दिया गया है. आगे की आवश्यक जांच और कार्रवाई पूरी तत्परता से की जा रही है. कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों को विशेष निगरानी कोर्ट पटना में पेश किया जाएगा.
“परिवादी की ओर से शिकायत दर्ज करायी गयी थी. इसी शिकायत के आधार पर प्रखंड विकास पदाधिकारी को 46 हजार रुपये घूस लेते हुए सरकारी आवास से गिरफ्तार किया गया है. बीडीओ के साथ निजी सहायक सेवक छोटू कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है. दोनों आरोपी को विशेष निगरानी कोर्ट पटना में पेश किया जाएगा. ” -कृष्ण कुमार गुप्ता, डीएसपी, स्पेशल विजिलेंस यूनिट



Total Users : 10155446
Views Today : 565