Explore

Search

September 19, 2026 7:43 pm

जिलाधिकारी ने विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का किया निरीक्षण, बच्चों की देखभाल एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 

जिलाधिकारी ने विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का किया निरीक्षण, बच्चों की देखभाल एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 

जिलाधिकारी, समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा द्वारा आज बाल देख-रेख संस्थान, विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, दूधपुरा चौक, चैती दुर्गा मंदिर के निकट, समस्तीपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संस्थान में आवासित बच्चों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, देखभाल, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने संस्थान के विभिन्न कक्षों एवं परिसर का भ्रमण करते हुए बच्चों के रहने की व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, भोजन, कपड़े, बिस्तर, खेल एवं मनोरंजन से संबंधित सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से बच्चों की दैनिक दिनचर्या, खान-पान तथा उनकी आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों के स्वास्थ्य एवं नियमित चिकित्सकीय देखभाल पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संस्थान में रह रहे बच्चों को समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेने का भी निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने संस्थान में पोषण एवं भोजन की गुणवत्ता की भी जानकारी ली। उन्होंने बच्चों की आयु एवं आवश्यकता के अनुरूप संतुलित एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता पर विशेष निगरानी रखने को कहा।

उन्होंने संस्थान में स्वच्छता एवं हाइजीन की व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए परिसर, शयन कक्ष, रसोईघर, शौचालय एवं अन्य स्थानों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं सकारात्मक वातावरण बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया गया।

जिलाधिकारी ने बच्चों की शिक्षा, मानसिक विकास, खेलकूद एवं मनोरंजन से संबंधित व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उनकी शैक्षणिक आवश्यकताओं के साथ-साथ खेल, रचनात्मक गतिविधियों एवं मनोरंजन की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने संस्थान के अभिलेखों एवं आवश्यक पंजियों का भी अवलोकन किया तथा बच्चों से संबंधित सभी रिकॉर्ड को नियमानुसार अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को संस्थान की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते हुए किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि बाल देख-रेख संस्थानों में रहने वाले बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं समुचित देखभाल प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बच्चों को बेहतर वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा श्रीमती साक्षी, सिविल सर्जन, समस्तीपुर डॉ. राजीव कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

 

 

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!