Explore

Search

September 20, 2026 11:18 pm

तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार बने डीएसपी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सौंपा नियुक्ति पत्र

तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार बने डीएसपी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सौंपा नियुक्ति पत्र

पटना, 24 जुलाई: बिहार सरकार ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर आकाश दीप और मुकेश कुमार को पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर नियुक्त किया है। शुक्रवार को पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दोनों खिलाड़ियों समेत कुल 19 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नियुक्ति पत्र सौंपे।
यह नियुक्ति राज्य सरकार की ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत की गई। समारोह में एथलीट पियूष राज को पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) के पद पर नियुक्ति मिली, जबकि विभिन्न खेलों के अन्य खिलाड़ियों को भी सरकारी सेवा में स्थान दिया गया।
637 खिलाड़ियों को मिलेगी खेल छात्रवृत्ति
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार खेल छात्रवृत्ति योजना के तहत चयनित खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए। वर्ष 2026-27 में कुल 637 खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति का लाभ मिलेगा। इसके तहत:
उत्कर्ष योजना के 21 खिलाड़ियों को प्रतिवर्ष 20 लाख रुपये
सक्षम योजना के 184 खिलाड़ियों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये
प्रेरणा योजना के 432 खिलाड़ियों को प्रतिवर्ष 3 लाख रुपये दिए जाएंगे।
यह राशि खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, पोषण, खेल सामग्री, प्रतियोगिताओं में भागीदारी और खेल विज्ञान संबंधी सुविधाओं पर खर्च की जाएगी।
खेल सम्मान योजना के तहत भी सम्मान
समारोह में एथलीट सेतु मिश्रा को एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण और रजत पदक जीतने पर 37.50 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया गया। वहीं विभास्कर कुमार को 2 लाख रुपये और शतरंज खिलाड़ी मरियम फातिमा को कॉमनवेल्थ यूथ शतरंज चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने पर 9 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
15 सितंबर से पंचायत स्तर पर प्रतिभा खोज अभियान
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की कि 15 सितंबर से बिहार की प्रत्येक पंचायत में खेल प्रतिभा खोज अभियान चलाया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों से उभरने वाले खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें वैज्ञानिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
5 हजार खेल मैदान तैयार
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में बिहार में 5,000 खेल मैदानों का निर्माण पूरा किया गया है। साथ ही पटना के मोइनुल हक स्टेडियम का अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पुनर्विकास तेजी से चल रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार को खेलों के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाना है और खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!