सिंघिया में सड़क हादसा, बाइक चालक घायल; डीएमसीएच रेफर
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र में सिंघिया-बहेरी मुख्य सड़क मार्ग एसएच-88 पर आज सोमवार को सड़क हादसे में बाइक चालक घायल हो गया। घटना फुलहरा और लिलहौल के बीच की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची सिंघिया थाना की 112 पुलिस टीम ने घायल को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिंघिया में भर्ती कराया।
घायल की पहचान बिरौल थाना क्षेत्र के साहोपरी गांव निवासी ललित यादव के पुत्र राजेश यादव के रूप में बताई गई है। पीएचसी में मौजूद चिकित्सक डॉ. राकेश कुमार ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए उसे दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर कर दिया।
बताया गया है कि घायल के पास से मिले 47,500 रुपये नकद और मोबाइल फोन को पीएचसी के गार्ड ने सुरक्षित रखा है। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद सिंघिया थानाध्यक्ष श्याम कुमार मेहता ने बताया कि सड़क हादसे की जानकारी मिली है और मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। हादसा किस कारण हुआ, इसकी जानकारी जांच के बाद स्पष्ट होगी।

Total Users : 10187875
Views Today : 2340