बिहार होमगार्ड परीक्षा पेपर लीक मामले में शिक्षिका गिरफ्तार, CCTV से खुली पोल
नवादा: बिहार होमगार्ड क्लर्क परीक्षा के प्रश्नपत्र वायरल होने के मामले में नवादा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शिक्षिका को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार शिक्षिका की पहचान नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र के देव बिगहा गांव निवासी अनुष्का रानी उर्फ अंजू के रूप में हुई है। वह नवादा के नारदीगंज प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय दोहड़ा में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर शिक्षिका को गोविंदपुर स्थित बीआरसी से गिरफ्तार किया गया। मामला 12 जून को नवादा के दीक्षा पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर आयोजित गृह रक्षा वाहिनी की अधिनायक लिपिक परीक्षा से जुड़ा है।
जांच के दौरान परीक्षा केंद्र के CCTV फुटेज खंगाले गए, जिसमें महत्वपूर्ण सुराग मिलने के बाद पुलिस ने शिक्षिका की भूमिका की जांच शुरू की। प्राथमिकी के अनुसार, केंद्र के भीतर एक अनधिकृत व्यक्ति को प्रवेश कराया गया और अनुपस्थित परीक्षार्थी की प्रश्न पुस्तिका से प्रश्नों की तस्वीरें खींची गईं। बाद में इन तस्वीरों को मोबाइल फोन के जरिए सोशल मीडिया पर वायरल किया गया।
नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह के मुताबिक, पुलिस शिक्षिका से पूछताछ कर रही है और मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि प्रश्नपत्र वायरल करने के पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो नहीं है।
मामले में बिहार परीक्षा अधिनियम और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच जारी है।

Total Users : 10194640
Views Today : 2414