पटना जंक्शन पर चोर गिरोह का भंडाफोड़, 8 गिरफ्तार
पटना: पटना जंक्शन पर यात्रियों को निशाना बनाने वाले चोर गिरोह का रेल पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी के सात मोबाइल फोन और चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 4-5 के पश्चिमी छोर पर आठ युवक एक साथ बातचीत करते दिखाई दिए। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देखकर सभी भागने लगे। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से रियलमी, वीवो और रेडमी के सात मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके अलावा बाजूबंद, पायल, चूड़ी और लॉकेट समेत चांदी के जेवर भी मिले।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटना के सुमित कुमार, मो. ताजू, सिटू कुमार, मो. इरशाद आलम और सुनील कुमार के रूप में हुई है। वहीं नालंदा के राहुल कुमार, सीतामढ़ी के रूपेश कुमार और अरवल के रोहित कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने भीड़भाड़ का फायदा उठाकर यात्रियों के मोबाइल और जेवर चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब बरामद सामान के वास्तविक मालिकों का पता लगाने के साथ यह भी जांच कर रही है कि गिरोह कब से पटना जंक्शन और आसपास के इलाकों में सक्रिय था।
रेल पुलिस आरोपियों के आपसी संबंध, गिरोह में उनकी भूमिका और पूर्व के आपराधिक मामलों की भी जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ और तकनीकी जांच से चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।

Total Users : 10194662
Views Today : 2501