सिंघिया में सर्पदंश से वृद्ध महिला की मौत
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र के मोरवाड़ा मुसहरी में रविवार की रात विषैले सर्प के काटने से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान मोरवाड़ा मुसहरी निवासी दिनेश सदा की पत्नी ऊषा देवी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि रविवार की रात ऊषा देवी को अचानक विषैले सर्प ने सोए अवस्था में काट लिया। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सिंघिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) लेकर पहुंचे। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. विकास कुमार ने प्राथमिक उपचार किया। महिला की स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) रेफर कर दिया।
परिजन महिला को लेकर पीएचसी से मोरवाड़ा पहुंचे ही थे कि रास्ते में उनकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलने पर सिंघिया थाने की अपर थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी एवं पुलिस पदाधिकारी सुरेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया।
ग्रामीण शौचेंद्र सिंह समेत कई लोगों ने बताया कि मृतका का परिवार बेहद गरीब है। ग्रामीणों ने प्रशासन और सरकार से पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

Total Users : 10199460
Views Today : 3238