Explore

Search

September 7, 2026 5:09 pm

कर्पूरी चौक पर कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की धूम, राधा-कृष्ण की भव्य प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र

कर्पूरी चौक पर कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की धूम, राधा-कृष्ण की भव्य प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र

 

समस्तीपुर जिले के शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत कर्पूरी चौक पर श्री श्री 108 श्री कृष्ण जन्माष्टमी का 11वां वार्षिक महोत्सव पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। आठ दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव के तीसरे दिन रविवार को भी मेला परिसर में श्रद्धालुओं और दर्शकों की भीड़ उमड़ी। जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर कर्पूरी चौक का पूरा क्षेत्र उत्सवी माहौल में नजर आ रहा है। शाम होते ही बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, बच्चे और युवा मेला परिसर में पहुंचकर विभिन्न कार्यक्रमों का आनंद लेते हैं। महोत्सव के लिए बनाए गए भव्य पंडाल में भगवान श्रीकृष्ण और राधा की आकर्षक एवं भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रतिमा की सजावट और पंडाल की आकर्षक संरचना लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मेला देखने पहुंचने वाले लोग प्रतिमा के दर्शन करने के साथ ही पंडाल और परिसर की सजावट को भी निहार रहे हैं। भगवान श्रीकृष्ण, राधा सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी तैयार की गई हैं, जिन्हें देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है। मेला परिसर में बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए हैं। इसके अलावा मीना बाजार, मिठाई की दुकान, खिलौने, खान पान सहित अन्य कई प्रकार की दुकानें भी सजाई गई हैं। शाम के समय मेला परिसर में विशेष चहल पहल देखने को मिलती है। परिवार के साथ पहुंचे लोग खरीदारी करने के साथ झूले और अन्य मनोरंजन के साधनों का आनंद लेते हैं। बच्चों में मेले को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

आयोजन समिति के अध्यक्ष गुंजन सिंह, संयोजक संतोष कमल, धर्मेंद्र कुमार, सचिन कुमार, मुकेश शर्मा, आनंद वर्धन, जितेंद्र, सिकंदर, कमलेश कुमार, राकेश कुमार सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव धूमधाम और श्रद्धा के साथ आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव के दौरान प्रत्येक दिन संध्या में प्रवचन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों और धार्मिक प्रसंगों की जानकारी दी जा रही है। अध्यक्ष गुंजन सिंह एवं संयोजक संतोष कमल ने बताया कि महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी विशेष महत्व दिया गया है। प्रत्येक दिन भोजपुरी के अलग-अलग कलाकारों द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुत किए जा रहे हैं। महोत्सव के तीसरे दिन रविवार को भोजपुरी कलाकार सकल बलमुआ और गरिमा राज की प्रस्तुति होगी। कलाकारों के कार्यक्रम को लेकर आसपास के गांवों के लोगों में भी उत्साह बना हुआ है। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन 4 सितंबर से 11 सितंबर तक किया जा रहा है। महोत्सव के अंतिम दिन 11 सितंबर को पारंपरिक मटका फोड़ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। मटका फोड़ कार्यक्रम को लेकर भी आयोजन समिति द्वारा विशेष तैयारी की जा रही है। आयोजकों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष मटका फोड़ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं और इस बार भी इसे आकर्षक एवं भव्य तरीके से आयोजित करने की तैयारी है।

महोत्सव को लेकर कर्पूरी चौक और आसपास के इलाके में लगातार उत्सवी माहौल बना हुआ है। दिन में पूजा-अर्चना और तैयारी के बाद शाम होते ही मेला परिसर रोशनी और लोगों की आवाजाही से गुलजार हो जाता है। धार्मिक आयोजन के साथ मनोरंजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के कारण यह महोत्सव स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं और दर्शकों से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में महोत्सव का आनंद लेने की अपील की है।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!