बिहार में नकली पनीर और जहरीले दूध पर बड़ी कार्रवाई, कई जिलों में छापेमारी
बिहार में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने कई जिलों में बड़ी कार्रवाई की है। पटना, वैशाली और दरभंगा में हुई छापेमारी के दौरान नकली पनीर, एक्सपायर्ड दूध और संदिग्ध खाद्य सामग्री बरामद की गई।
पटना के फतुहा स्थित एक डेयरी में जांच के दौरान दूध के सैंपल में फॉर्मेलिन पाए जाने की बात सामने आई। इसके बाद करीब 126 लीटर दूध नष्ट कराया गया और सैंपल जांच के लिए जब्त किया गया। फतुहा के ही बाजितपुर में फूड सप्लीमेंट बनाने वाली इकाई पर भी छापेमारी कर तैयार व अधबने सप्लीमेंट, कच्चा माल और मशीनें जब्त की गईं। यहां से छह सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
वहीं वैशाली के हाजीपुर स्टेशन रोड में दो दुकानों से कुल 72 किलो मिलावटी पनीर बरामद हुआ, जिसमें स्टार्च की मिलावट पाई गई। इसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
दरभंगा के बेनीपुर में सुधा मिल्क पार्लर से 21 लीटर एक्सपायर्ड दूध और 18 किलो खराब पनीर बरामद कर नष्ट कराया गया। विभाग ने दुकानदारों को साफ-सफाई और खाद्य गुणवत्ता को लेकर सख्त चेतावनी दी है।

Total Users : 10214352
Views Today : 2675