सिंघिया में बारिश के बाद बढ़ा सर्पदंश का खतरा, दो लोग अस्पताल में भर्ती
समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र में बारिश के बाद सर्पदंश की घटनाएं सामने आने लगी हैं। शनिवार को अलग-अलग गांवों में सांप के काटने से दो लोग पीड़ित हो गए। परिजनों ने दोनों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), सिंघिया में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।
मरीजों की पहचान सिंघिया निवासी अशोक सिंह और धनहो गांव निवासी विश्वनाथ साह की पत्नी रुबीना देवी के रूप में हुई है। पीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. अविनाश तिवारी दोनों मरीजों को अपनी निगरानी में रखकर इलाज कर रहे हैं।
सोते समय अशोक सिंह को सांप ने काटा
अशोक सिंह ने बताया कि वह सो रहे थे, तभी सांप ने उनकी नाक पर काट लिया। इसके बाद उन्होंने सांप को झटककर नीचे फेंक दिया। हालांकि, वह पहले झाड़-फूंक कराने के लिए भगत के पास गए और फिर इलाज के लिए पीएचसी सिंघिया पहुंचे।
वहीं, धनहो गांव की रुबीना देवी ने बताया कि वह धान के खेत में फसल देखने गई थीं। इसी दौरान सांप ने उन्हें काट लिया, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।
बारिश के बाद सक्रिय हो रहे सांप
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, बारिश के बाद क्षेत्र में सांपों की सक्रियता बढ़ने से सर्पदंश का खतरा बना हुआ है। इससे पहले भी इलाके में सर्पदंश की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बताया जा रहा है कि पूर्व में करीब दो दर्जन लोग सर्पदंश के शिकार हुए थे, जिनमें आठ लोगों की मौत हो गई थी।
डॉक्टर ने झाड़-फूंक से बचने की अपील की
पीएचसी में उपस्थित डॉ. अविनाश तिवारी ने आम लोगों से अपील की कि सांप के काटने पर झाड़-फूंक, ओझा-गुणी या नीम-हकीम के चक्कर में समय बर्बाद न करें। पीड़ित को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं, ताकि समय पर उचित इलाज मिल सके और मरीज की जान बचाई जा सके।

Total Users : 10262374
Views Today : 1173