Explore

Search

October 13, 2026 6:54 am

नेपाल में भूस्खलन के बाद बिहार में बाढ़ का अलर्ट, गंडक नदी का जलस्तर बढ़ा

 

नेपाल में भूस्खलन के बाद बिहार में बाढ़ का अलर्ट, गंडक नदी का जलस्तर बढ़ा

पटना: नेपाल में भूस्खलन के कारण आई अचानक बाढ़ से बिहार में नदियों के जलस्तर को लेकर चिंता बढ़ गई है। गंडक और बूढ़ी गंडक नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए बिहार का जल संसाधन विभाग अलर्ट मोड में है।

विभाग के अनुसार, नेपाल से आए मटमैले पानी के देवघाट क्षेत्र से गुजरने के दौरान गंडक नदी के जलस्तर में करीब 27 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई। अनुमान है कि जलस्तर में 50 से 100 सेंटीमीटर तक और बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, वाल्मीकिनगर बैराज से पानी का डिस्चार्ज 50 हजार क्यूसेक से बढ़कर 75 हजार क्यूसेक तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

हालांकि, विभागीय आकलन के अनुसार फिलहाल बिहार में किसी बड़े खतरे की आशंका नहीं है। इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने और तटबंधों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।

नेपाल के गोरखा जिले के चुमनुब्री क्षेत्र में भूस्खलन के कारण बूढ़ी गंडकी नदी का प्रवाह बाधित हुआ, जिससे अचानक बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई। इस घटना में कई घरों और पुलों को नुकसान पहुंचने की खबर है।

बिहार में गंडक नदी के दोनों तटबंधों पर अभियंताओं की टीम रातभर गश्त करती रही। जल संसाधन विभाग ने अधिकारियों को जलस्तर, जलप्रवाह और तटबंधों की स्थिति पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

 

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!