पुराने विवाद में चाकूबाजी, 38 वर्षीय अजीत सहनी की मौत; आरोपी फरार
बिहार के समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत भागीरथपुर में शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 की सुबह पुराने विवाद को लेकर हुई चाकूबाजी में 38 वर्षीय अजीत सहनी की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 6 बजे अजीत सहनी (38 वर्ष), पिता स्वर्गीय राम सहनी, निवासी गाढ़ा पर झगड़ू सहनी (करीब 55 वर्ष), पिता स्वर्गीय रामेश्वर सहनी ने धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में अजीत सहनी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अजीत सहनी और झगड़ू सहनी के बीच पहले से विवाद चल रहा था। घटना के समय दोनों गांव की उर्मिला देवी की किराना दुकान के सामने खैनी और गुटखा खरीद रहे थे। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और झगड़ा हो गया। आरोप है कि इसी क्रम में झगड़ू सहनी ने अजीत सहनी पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी झगड़ू सहनी का स्वभाव विक्षिप्त है और उनका इलाज मुजफ्फरपुर में चल रहा था।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है। घटनास्थल पर FSL टीम ने पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए हैं। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 के नेतृत्व में कल्याणपुर पुलिस आरोपी झगड़ू सहनी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Total Users : 10299738
Views Today : 3218