Explore

Search

October 31, 2026 3:00 pm

सिंघिया प्रखंड के सरकारी स्कूलों में छह महीने से एमडीएम की राशि बकाया, उधार लेकर बच्चों को भोजन करा रहे प्रधानाध्यापक

सिंघिया प्रखंड के सरकारी स्कूलों में छह महीने से एमडीएम की राशि बकाया, उधार लेकर बच्चों को भोजन करा रहे प्रधानाध्यापक

 

बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन योजना (एमडीएम) की राशि पिछले छह महीने से नहीं मिलने के कारण प्रधानाध्यापकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद सरकारी निर्देशों का पालन करते हुए विद्यालयों में बच्चों को मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

कई विद्यालयों के प्रधानाध्यापक किराना दुकानदारों से उधार पर खाद्य सामग्री लेकर किसी तरह स्कूली बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था कर रहे हैं। नाम नहीं छापने की शर्त पर कुछ प्रधानाध्यापकों ने दबी जुबान से बताया कि छह महीने से एमडीएम की राशि बकाया रहने के कारण दुकानदारों का भी काफी पैसा फंस गया है। अब दुकानदार भी उधार पर सामान देने से कतराने लगे हैं।

प्रधानाध्यापकों का कहना है कि एक तरफ एमडीएम की राशि समय पर उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, वहीं दूसरी तरफ सरकारी निर्देशानुसार बच्चों का मध्यान्ह भोजन बंद भी नहीं किया जा सकता। ऐसे में विद्यालय संचालन के साथ-साथ भोजन की व्यवस्था करना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

इस स्थिति में सबसे अधिक परेशानी उन प्रधानाध्यापकों को हो रही है, जो लगातार उधारी लेकर बच्चों को भोजन उपलब्ध करा रहे हैं। विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से जल्द से जल्द बकाया एमडीएम राशि उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन योजना का संचालन सुचारू रूप से जारी रह सके।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!