Explore

Search

October 31, 2026 11:11 pm

नालंदा के 11वीं के छात्र ने बनाया AI स्मार्ट हेलमेट, हादसा होते ही अस्पताल, पुलिस और परिजनों को करेगा अलर्ट

नालंदा के 11वीं के छात्र ने बनाया AI स्मार्ट हेलमेट, हादसा होते ही अस्पताल, पुलिस और परिजनों को करेगा अलर्ट

 

बिहार के नालंदा जिले के 16 वर्षीय छात्र श्रीकांत कुमार ने अपनी प्रतिभा और वैज्ञानिक सोच से एक अनोखा AI स्मार्ट हेलमेट तैयार किया है। इस हेलमेट की खासियत है कि सड़क दुर्घटना होते ही यह अस्पताल, पुलिस और परिजनों को कॉल और मैसेज भेजकर हादसे की जानकारी देगा।

 

नूरसराय थाना क्षेत्र के होरिल बिगहा निवासी किसान विनोद प्रसाद के बड़े बेटे श्रीकांत राजकीय +2 शीतला उच्च विद्यालय, मगड़ा में 11वीं कक्षा के छात्र हैं। उन्हें इस हेलमेट को बनाने का विचार नौवीं कक्षा में एक बुजुर्ग व्यक्ति के सड़क हादसे को देखने के बाद आया। इसके बाद उन्होंने करीब सात महीने तक इस प्रोजेक्ट पर काम किया।

 

श्रीकांत के अनुसार, इस स्मार्ट हेलमेट को बनाने में करीब 3 हजार रुपये की लागत आई है। इसमें GPS लोकेशन ट्रैकर, आगे और पीछे कैमरे, सेंसर, ब्लूटूथ और LED लाइट जैसी सुविधाएं दी गई हैं। हेलमेट में ऐसा सिस्टम भी लगाया गया है, जिससे हेलमेट पहने बिना बाइक स्टार्ट नहीं होगी।

 

इसका सबसे खास फीचर इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम है। दुर्घटना होने पर सेंसर सक्रिय होकर GPS के माध्यम से लोकेशन पता करेगा और अस्पताल, पुलिस स्टेशन तथा परिजनों को सूचना भेजेगा। छात्र का दावा है कि हेलमेट एक बार चार्ज होने पर 10 से 15 घंटे तक काम कर सकता है।

 

इस प्रोजेक्ट के लिए भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से श्रीकांत को 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र भी दिया गया है। उनकी शिक्षिका रेखा कुमारी ने इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार से सहयोग और अनुदान की उम्मीद जताई है।

 

भविष्य में इंजीनियर बनने का सपना देखने वाले श्रीकांत चाहते हैं कि सरकार उन्हें तकनीकी विशेषज्ञों की टीम उपलब्ध कराए, ताकि उनके इस प्रोजेक्ट को और बेहतर बनाकर बड़े स्तर पर इस्तेमाल किया जा सके।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!