ऐरौत मुसहरी इलेवन ने रानीपरती इलेवन को 37 रन से हराकर जीता देवनपुर क्रिकेट लीग का खिताब
शतकवीर रवि बने मैन ऑफ द मैच, रोमांचक फाइनल मुकाबले में उमड़ी दर्शकों की भीड़
शिवाजीनगर
प्रखंड अंतर्गत करियन पंचायत के देवनपुर गांव में चिमनी के समीप शनिवार को देवनपुर क्रिकेट लीग 2026 के पहले सीजन का फाइनल मुकाबला रोमांच, उत्साह और खेल भावना के बीच संपन्न हुआ। खिताबी मुकाबले में ऐरौत मुसहरी इलेवन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रानीपरती इलेवन को 37 रन से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। फाइनल मुकाबले को देखने के लिए मैदान में बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों की भीड़ जुटी रही। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों और उत्साहवर्धन के साथ उनका हौसला बढ़ाया।
फाइनल मुकाबले में टॉस ऐरौत मुसहरी इलेवन के पक्ष में रहा। टीम के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 12 ओवर के मुकाबले में ऐरौत मुसहरी इलेवन के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और रानीपरती इलेवन के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट के नुकसान पर 177 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। ऐरौत मुसहरी इलेवन की ओर से बल्लेबाज रवि ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए शानदार शतक जड़ा। उनकी तूफानी बल्लेबाजी ने मैच का रुख ऐरौत मुसहरी इलेवन की ओर मोड़ दिया। रवि के आकर्षक शॉट और चौके-छक्कों ने मैदान में मौजूद दर्शकों को खूब रोमांचित किया।
177 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रानीपरती इलेवन की टीम ने भी जीत के लिए भरपूर प्रयास किया। हालांकि, ऐरौत मुसहरी इलेवन के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाकर विपक्षी टीम को दबाव में रखा। निर्धारित 12 ओवर में रानीपरती इलेवन की टीम नौ विकेट के नुकसान पर 140 रन ही बना सकी। इस तरह ऐरौत मुसहरी इलेवन ने 37 रन से मुकाबला अपने नाम कर देवनपुर क्रिकेट लीग के पहले सीजन की विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
मैच में शानदार शतक लगाने वाले ऐरौत मुसहरी इलेवन के बल्लेबाज रवि को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं, पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रानीपरती इलेवन के एक खिलाड़ी को मैन ऑफ द सीरीज का खिताब दिया गया।
फाइनल मुकाबले के समापन पर पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि करियन पंचायत के मुखिया संजीव पासवान एवं पप्पू यादव के हाथों विजेता और उपविजेता टीम को सम्मानित किया गया। विजेता ऐरौत मुसहरी इलेवन को बड़ी रेंजर साइकिल, शील्ड और मुखिया संजीव पासवान की ओर से 2100 रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं, उपविजेता रानीपरती इलेवन को छोटी रेंजर साइकिल और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। मैन ऑफ द मैच एवं मैन ऑफ द सीरीज बनने वाले खिलाड़ियों को भी शील्ड और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मैच में अंपायर की भूमिका लक्ष्मण और बॉबी ने निभाई, जबकि कमेंट्री अमित कुमार के द्वारा की जा रही थी। पूरे मुकाबले के दौरान मैदान में दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और रोमांचक मुकाबले ने क्रिकेट प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन किया। मौके पर पप्पू यादव, गुड्डू, पंकज, कुणाल, लक्ष्मण, अमित कुमार राय, संजीव कुमार सहित अन्य खेलप्रेमी एवं ग्रामीण मौजूद थे। देवनपुर क्रिकेट लीग के पहले सीजन के सफल आयोजन से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों में खेल के प्रति उत्साह देखने को मिला।

Total Users : 10299882
Views Today : 3528