Explore

Search

October 31, 2026 11:11 pm

बिहार में निर्धारित वेतन से अधिक राशि उठाने वाले शिक्षकों और कर्मियों पर होगी कार्रवाई, शिक्षा विभाग सख्त

बिहार में निर्धारित वेतन से अधिक राशि उठाने वाले शिक्षकों और कर्मियों पर होगी कार्रवाई, शिक्षा विभाग सख्त

 

पटना: बिहार में निर्धारित वेतन से अधिक राशि लेने वाले शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों पर शिक्षा विभाग ने सख्ती दिखाई है। विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने ऐसे मामलों की जांच कर जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। साथ ही अगले दो से तीन दिनों के भीतर अतिरिक्त वेतन की राशि वापस करने को कहा है।

 

अपर मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में राशि वापस नहीं करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विद्यालयों में कराए गए रखरखाव कार्यों में अनियमितता की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।

 

दरअसल, शनिवार को पूर्वी चंपारण समाहरणालय स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद सभागार में शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने कहा कि अनजाने में हुई गलती और जानबूझकर की गई गड़बड़ी में अंतर है। जानबूझकर अनियमितता करना गंभीर मामला है।

 

बैठक के दौरान उन्होंने शिक्षकों को बच्चों के साथ अभिभावक जैसा व्यवहार करने और उन्हें पढ़ाई के लिए प्रेरित करने की सलाह दी। अधिकारियों को विद्यालय निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों से बातचीत करने तथा उनके साथ बैठकर मध्याह्न भोजन करने का निर्देश दिया।

 

इसके अलावा विद्यालयों में साफ-सफाई, नियमित योगाभ्यास, व्यायाम और नशामुक्ति अभियान को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। भवनहीन विद्यालयों के लिए 15 दिनों के भीतर जमीन चिह्नित कर रिपोर्ट देने तथा कायाकल्प अभियान के स्वीकृत कार्यों को 20 नवंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया गया।

 

बैठक में जिलाधिकारी, उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित शिक्षा विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!