वारी पंचायत में वासगीत पर्चाधारियों को जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग, 40 साल से अधिकारियों के चक्कर लगा रहे दलित-महादलित परिवार
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड अंतर्गत वारी पंचायत के दलित-महादलित परिवार वासगीत पर्चा मिलने के करीब 40 साल बाद भी जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। पीड़ित परिवारों का आरोप है कि अंचल कार्यालय से लेकर अनुमंडल स्तर तक शिकायत करने के बावजूद अब तक उन्हें पर्चा वाली जमीन पर कब्जा नहीं दिलाया गया है।
पर्चाधारी सज्जन राम ने बताया कि वर्ष 1984 में उनके दादा सहित कुल 29 लोगों को वासगीत जमीन का पर्चा मिला था। लेकिन चार दशक बीत जाने के बाद भी पर्चाधारी अपनी जमीन पर दखल-कब्जा पाने से वंचित हैं।
उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर अंचल कार्यालय से लेकर अनुमंडल कार्यालय में डीसीएलआर तक कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इससे पर्चाधारी परिवारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अब एक बार फिर पीड़ित परिवार सिंघिया की अंचलाधिकारी मोनी कुमारी से गुहार लगाने पहुंचे हैं। उनकी मांग है कि मामले की जांच कर वासगीत पर्चा वाली जमीन पर उन्हें विधिवत दखल-कब्जा दिलाया जाए, ताकि वर्षों से लंबित समस्या का समाधान हो सके। इस मामले में अंचलाधिकारी मोनी कुमारी ने बताई कि अभी तो हम नए आए है जांच पड़ताल करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी

Total Users : 10264520
Views Today : 770