ई-रिक्शा की चार बैटरियां चोरी, चालक ने रोसड़ा थाने में दिया आवेदन
शिवाजीनगर में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत कचरा ढोने के लिए उपयोग किए जाने वाले ई-रिक्शा की चार बैटरियां चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत रानीपरती पंचायत के बंडीहा गांव वार्ड तीन निवासी बाबू नारायण मंडल ने रोसड़ा थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। बाबू नारायण मंडल, जगदीश मंडल के पुत्र हैं। आवेदन में उन्होंने बताया कि वह रानीपरती पंचायत में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत कचरा ढोने वाले ई-रिक्शा के चालक के रूप में कार्य करते हैं। पिछले कुछ महीनों से ई-रिक्शा खराब पड़ा हुआ था। खराब होने के कारण वह ई-रिक्शा को अपने घर के पास सुरक्षित रख रहे थे। इसी बीच बीते तीन सितंबर की रात वह अपने ससुराल ग्राम धोवियाही गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने घर के पास खड़े ई-रिक्शा से चार बैटरियां चोरी कर लीं।
अगले दिन वापस लौटने पर बैटरियां गायब मिलीं। इसके बाद उन्होंने अपने स्तर से आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, लेकिन चोरी गई बैटरियों का कोई सुराग नहीं मिल सका। पीड़ित ने थाना में आवेदन देकर अज्ञात चोर के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए चोरी गई बैटरियां बरामद कराने की गुहार लगाई है। रोसड़ा थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर लाल बाबू कुमार ने बताया कि चोरी से संबंधित लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Total Users : 10207286
Views Today : 4686