देवधा गांव के पास कार और स्कॉर्पियो की टक्कर से लगी आग, एक की मौत.. कई झुलसे
बिहार के नालंदा जिले में एनएच-20 के देवधा ओवरब्रिज पर बुधवार देर शाम तेज रफ्तार मारुती कार और स्कॉर्पियो की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भयानक थी कि मारुती कार में कुछ ही सेकंड में आग लग गई और देखते-देखते वह धू-धू कर जलने लगी. कार में सवार पांच युवक बुरी तरह झुलस गए, जिनमें से एक की अस्पताल में मौत हो गई.
दो कारों की भीषण टक्कर: घटना दीपनगर थाना क्षेत्र के देवधा गांव के पास हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रांची से पटना जा रही मारुती कार की सामने से आ रही स्कॉर्पियो से सीधी टक्कर हुई. टक्कर के झटके से कार में आग लग गई और कुछ ही पलों में आग की लपटों ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया. कार में फंसे युवक किसी तरह बाहर निकले, लेकिन तब तक सभी बुरी तरह झुलस चुके थे.
एक युवक की दर्दनाक मौत: झुलसे सभी पांचों घायलों को तुरंत वीआईएमएस पावापुरी रेफर किया गया. इलाज के दौरान पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र निवासी 26 वर्षीय दिव्यांशु कुमार ने दम तोड़ दिया. हादसे में वह सबसे ज्यादा झुलस गया था. वहीं चार घायलों में हरनौत निवासी सम्राट कुमार, बेगूसराय निवासी रमण कुमार, बाढ़ निवासी रिशू कुमार और अंशु कुमार शामिल हैं, जिनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है.
घायलों का चल रहा इलाज: हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए घायलों को जलती कार से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल पहुंचाया. सूचना मिलते ही दीपनगर पुलिस और अग्निशमन दल भी मौके पर पहुंच गया. अग्निशमन दल ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हादसे के कारण कुछ देर के लिए एनएच पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया था.
क्यों हुआ हादसा: ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 10 दिनों से यह फ्लाईओवर वन-वे कर दिया गया है, लेकिन उस पर कोई निर्माण कार्य नहीं हो रहा है. वन-वे होने के कारण दोनों तरफ से वाहन आ जा रहे थे, जिससे यह भयानक हादसा हुआ. ग्रामीणों ने प्रशासन से फ्लाईओवर को जल्द दुरुस्त करने और दोनों तरफ से आवागमन शुरू करने की मांग की है.
दीपनगर थानाध्यक्ष राजमणि ने बताया कि दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है. स्कॉर्पियो चालक की तलाश की जा रही है. पुलिस दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगा रही है.
“दोनों गाड़ियां जब्त कर ली गई हैं. स्कॉर्पियो चालक की तलाश जारी है, दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है.”- राजमणि, दीपनगर थानाध्यक्ष






Total Users : 10043043
Views Today : 310