Explore

Search

October 27, 2026 9:42 pm

सहरसा में 72 हजार रुपये रिश्वत लेते आवास सहायक गिरफ्तार, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों से मांगी थी घूस

सहरसा में 72 हजार रुपये रिश्वत लेते आवास सहायक गिरफ्तार, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों से मांगी थी घूस

 

सहरसा, बिहार: बिहार के सहरसा जिले में निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को सौर बाजार नगर पंचायत कार्यालय में निगरानी विभाग की टीम ने आवास सहायक मुकुल कुमार को कथित तौर पर 72 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

मिली जानकारी के अनुसार, आवास सहायक पर प्रधानमंत्री आवास योजना के नौ लाभुकों की दूसरी किस्त जारी करने के बदले प्रति लाभुक 8 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।

सितंबर में दर्ज कराई गई थी शिकायत

इस मामले में सौर बाजार नगर पंचायत के वार्ड संख्या-2 निवासी हरेकृष्ण कुमार ने 30 सितंबर 2026 को पटना स्थित निगरानी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आवास योजना की अगली किस्त जारी करने के एवज में लाभुकों से रिश्वत मांगी जा रही है।

सत्यापन के बाद निगरानी विभाग की कार्रवाई

निगरानी विभाग ने 9 अक्टूबर को शिकायत का सत्यापन कराया। रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद 26 अक्टूबर 2026 को निगरानी थाना कांड संख्या 126/26 दर्ज किया गया। इसके बाद मंगलवार को टीम ने सौर बाजार नगर पंचायत कार्यालय में कार्रवाई करते हुए आवास सहायक को गिरफ्तार कर लिया।

निगरानी डीएसपी संजय कुमार के अनुसार, शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहते थे, इसलिए उन्होंने विभाग से शिकायत की थी। वार्ड पार्षद ने भी इस मामले में पहले शिकायत करने की बात कही है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई से मचा हड़कंप

प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों से कथित तौर पर रिश्वत मांगने के इस मामले में निगरानी विभाग की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

P News | जनता की आवाज, जनता के बीच से

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!