*मोतियाबिंद का इलाज सिर्फ चश्मे या दवा से संभव नहीं, 23 अगस्त को पटना में जुटेंगे देशभर के नेत्र विशेषज्ञ, नई सर्जरी तकनीकों पर होगी चर्चा : डॉ.सुनील*
पटना । मोतियाबिंद ऐसी बीमारी है, जो केवल चश्मा लगाने या दवाएं खाने से ठीक नहीं होती। समय के साथ आंख का प्राकृतिक लेंस धुंधला होता जाता है और इससे देखने की क्षमता कम होने लगती है। समय पर इलाज और सर्जरी नहीं होने पर रोजमर्रा के कामकाज और जीवन की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। यह जानकारी पटना के प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं पटना एकेडमी ऑफ ऑप्थल्मोलॉजी के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार सिंह ने शुक्रवार को किदवईपुरी स्थित संजीवनी आई हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर मैनुअल स्मॉल इन्सिजन मोतियाबिंद सर्जरी और पटना एकेडमी ऑफ ऑप्थल्मोलॉजी के संयुक्त तत्वावधान में 23 अगस्त 2026 को होटल ऑरम में दूसरी ईस्ट जोनल मीट का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में मोतियाबिंद की छोटी चीरा सर्जरी में हुई नई प्रगति और आधुनिक तकनीकों पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे। डॉ. सुनील ने बताया कि छोटी चीरा मोतियाबिंद सर्जरी एक किफायती तकनीक है। इसमें चिकित्सकों को अपेक्षाकृत कम निवेश की आवश्यकता होती है और मरीज पर भी आर्थिक बोझ कम पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस तकनीक से मिलने वाले परिणाम आधुनिक फैको सर्जरी के बराबर हो सकते हैं। सम्मेलन में पूरे भारत से नेत्र विशेषज्ञ शामिल होंगे, जबकि बिहार से 150 से अधिक प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है। सम्मेलन का उद्देश्य मोतियाबिंद के इलाज की किफायती और प्रभावी तकनीकों को लेकर चिकित्सकों के बीच अनुभव और जानकारी साझा करना है। सम्मेलन में ऑल इंडिया ऑप्थल्मोलॉजिकल सोसाइटी के पूर्व अध्यक्ष और हिंदुजा अस्पताल के नेत्र रोग विभाग के प्रमुख डॉ. बी.के. नायक मुख्य वक्ता होंगे। बिहार सरकार के पीएचईडी मंत्री श्री संजय कुमार सिंह सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। बिहार धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष डॉ. रणबीर नंदन विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। सम्मेलन के समन्वय में प्रमुख नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधीर कुमार, डॉ. नागेंद्र प्रसाद, डॉ. रवि रंजन और डॉ. सत्यजीत सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। डॉ. सुनील कुमार सिंह ने लोगों से मोतियाबिंद की समस्या को नजरअंदाज नहीं करने और समय पर नेत्र विशेषज्ञ से जांच कराने की अपील की।

Total Users : 10190781
Views Today : 351