अधिकारियों के प्रयास के बाद विद्यालय 10:30 बजे खुला, ग्रामीणों की शिकायत पर पहुंचे थे बीईओ बीडीओ
शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत परसा पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय सरहिला में बुधवार को विद्यालय निर्धारित समय पर नहीं खुलने से ग्रामीणों ने नाराजगी व्यक्त किया है। विद्यालय समय पर नहीं खुलने से बच्चे इधर उधर भटकते हुए दिखे। इस कारण अभिभावकों में काफी नाराजगी देखी गई। सुबह करीब 10:30 बजे विद्यालय का ताला खुला है। जिसको लेकर ग्रामीणों ने इसकी सूचना बीईओ रामजन्म सिंह और बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह को दी। शिकायत मिलने के बाद बीईओ विद्यालय पहुंचे और मामले की जांच की। जांच के दौरान विद्यालय बंद मिला। इसके बाद उन्होंने संबंधित शिक्षकों से पूरे मामले की जानकारी ली और तत्काल विद्यालय खुलवाकर पठन पाठन शुरू कराया
जांच में सामने आया कि विद्यालय की निवर्तमान एचएम गायत्री कुमारी का स्थानांतरण दूसरे विद्यालय में हो गया है। विद्यालय से स्थानांतरण के बाद उन्होंने वरीय शिक्षक विकास कुमार को एचएम का प्रभार सौंपते हुए विद्यालय की चाबी भी उन्हें दे दी थी। मंगलवार को विद्यालय बंद करने के दौरान प्रभारी एचएम ने एक अन्य शिक्षक को विद्यालय बंद कर चाबी अपने पास रखने के लिए कहा था। संबंधित शिक्षक विद्यालय बंद कर चाबी लेकर चले गए। उनका भी स्थानांतरण दूसरे विद्यालय में हो गया। बुधवार को वे नए विद्यालय में योगदान देने के लिए चले गए और विद्यालय की चाबी भी साथ ले गए। इस लापरवाही के कारण विद्यालय समय से नहीं खुला। इसके बाद उन्होंने प्रभारी एचएम समेत विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को समय पर विद्यालय खोलने और शैक्षणिक व्यवस्था को व्यवस्थित रखने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विद्यालय निर्धारित समय पर खुलना चाहिए, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो। इसके बाद बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह भी विद्यालय पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय के बंद रहने पर नाराजगी जताते हुए प्रभारी एचएम को फटकार लगाई। बीडीओ ने विद्यालय की साफ सफाई, कक्षाओं की स्थिति और पठन पाठन व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कक्षा में जाकर बच्चों से पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली तथा शिक्षकों से भी शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में पूछताछ की। प्रभारी एचएम के कक्ष में पहुंचकर विद्यालय की व्यवस्था की जानकारी ली। बीडीओ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों को अवगत कराने और संबंधित कर्मियों पर कार्रवाई की बात कही।
बीईओ रामजन्म सिंह ने बताया कि विद्यालय विलंब से खुलने के कारण बच्चों का पठन-पाठन प्रभावित हुआ है। मामले में प्रभारी एचएम और संबंधित शिक्षक से स्पष्टीकरण किया जाएगा। उनसे विद्यालय समय पर नहीं खुलने के संबंध में जवाब मांगा जाएगा। प्राप्त जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय निर्धारित समय से काफी विलंब से खुला है। इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर बीईओ को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और विद्यालय की व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Total Users : 10243505
Views Today : 743