ओवरलोडिंग से हादसा हुआ तो गाड़ी मालिक और ड्राइवर दोनों जाएंगे जेल
पटना : लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए बिहार पुलिस मुख्यालय ने सख्त रुख अपनाया है. खासकर ऑटो और बस जैसे वाहनों में ओवरलोडिंग पर अब वाहन मालिक और चालक दोनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी. एडीजी (ट्रैफिक) सुधांशु कुमार ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी.
ओवरलोडिंग पर होगी सजा : एडीजी (ट्रैफिक) सुधांशु कुमार ने कहा कि अगर ओवरलोडिंग के कारण कोई हादसा होता है, तो दोषियों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज होगा. इस धारा में न्यूनतम 10 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है.
एडीजी ने बताया कि हाल के महीनों में हुए कई बड़े हादसे ओवरलोडिंग की वजह से हुए हैं. मसौढ़ी में 23 फरवरी को हुए हादसे में सात लोगों की मौत हो गई थी. 29 मई को डुमरिया में चार लोग, 31 जुलाई को आदर्श नगर में तीन लोग और 23 अगस्त को दनियावां-शाहजहांपुर में ऑटो टक्कर से नौ महिलाओं की मौत हुई. सभी मामले ओवरलोडिंग के कारण हुए. इनकी जांच जारी है और दोषियों पर बीएनएस की धारा 105 के तहत सख्त कार्रवाई होगी.
बच्चों की सुरक्षा पर सख्त कदम : सुधांशु कुमार ने कहा कि हाल ही में जहानाबाद में स्कूल बस से बच्चे की मौत का मामला सामने आया था. बस में छेद होने के कारण बच्चा नीचे गिर गया था. इस मामले में भी जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
एडीजी ने कहा कि अगर कोई नाबालिग ऑटो, टेम्पो, ई-रिक्शा या अन्य वाहन चलाते पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ बीएनएस की सख्त धाराओं में केस दर्ज होगा. साथ ही वाहन मालिक और अभिभावकों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी.
मालवाहक ऑटो में सवारी पूरी तरह बैन : एडीजी ने स्पष्ट किया कि मालवाहक ऑटो या अन्य वाहन पर लोगों को बैठाने की पूरी तरह मनाही है. ई-रिक्शा से बच्चों को ढोना पहले से ही प्रतिबंधित है. नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
पटना में ऑटो स्टैंडिंग पर नए नियम : एडीजी ने कहा कि ऑटो और टुकटुक के कारण जगह-जगह जाम की स्थिति बनती है. अब सभी चौक-चौराहों के 50 मीटर पहले या बाद में ही ऑटो खड़े होंगे. जहां-तहां वाहन खड़ा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.
”फिलहाल पुलिस ऑटो चालकों और वाहन मालिकों को नियम पालन के लिए समझा रही है. लेकिन अगर इसके बाद भी उल्लंघन होगा तो कड़ी कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होगा.”- सुधांशु कुमार, एडीजी, ट्रैफिक
लोगों से ट्रैफिक विभाग की अपील : एडीजी ने कहा कि यात्री ओवरलोड वाहनों में सवारी न करें. नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आवाज उठाएं. जागरूकता के बिना इस समस्या पर रोक मुश्किल है. एडीजी ने कहा कि बच्चों को स्कूल स्तर पर ट्रैफिक नियमों की शिक्षा दी जाएगी ताकि कम उम्र से ही सड़क सुरक्षा की आदत बने.
अनफिट बसों पर भी सख्ती : सुधांशु कुमार ने कहा कि राज्य में चल रही अनफिट बसों की जांच होगी. तकनीकी रूप से गलत पाई जाने वाली बसों पर कार्रवाई होगी. सड़क पर सुरक्षित वाहन चलना जरूरी है.






Total Users : 10068050
Views Today : 783