Explore

Search

September 21, 2026 5:29 pm

समस्तीपुर डीएम की अध्यक्षता में जन संवाद आयोजित, आमजनों की समस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन का निर्देश

समस्तीपुर डीएम की अध्यक्षता में जन संवाद आयोजित, आमजनों की समस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन का निर्देश

 

समस्तीपुर, 21 सितंबर 2026।

 

समस्तीपुर के जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जन संवाद में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आमजनों ने अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों से संबंधित आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए।

जन संवाद के दौरान आम नागरिकों द्वारा भूमि एवं राजस्व संबंधी मामले, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, विद्युत, सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों से संबंधित जनहित के मामलों को जिलाधिकारी के समक्ष रखा गया।

जिलाधिकारी ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित पदाधिकारियों को मामलों की नियमानुसार जांच कर समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जन संवाद का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनना तथा उनके समाधान की प्रक्रिया को प्रभावी एवं त्वरित बनाना है।

उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जन संवाद में प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिन मामलों में अन्य विभागों अथवा उच्चतर स्तर से कार्रवाई अपेक्षित है, उनमें संबंधित कार्यालय से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही, प्रत्येक आवेदन के निष्पादन की स्थिति का नियमित रूप से अनुश्रवण करने का भी निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जन शिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व के साथ जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य करने को कहा।

सामाजिक सुरक्षा से संबंधित मामलों में सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा श्रीमती साक्षी को भी आवश्यक कार्रवाई एवं अनुश्रवण हेतु निर्देशित किया गया। वहीं राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित राजस्व पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

जन संवाद के दौरान अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल, राजस्व प्रभारी धर्मराज, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा श्रीमती साक्षी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!