बिहार के इस जिले में 7400 HIV मरीज ,400 बच्चे भी संक्रमित
बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और चिंताजनक खबर सामने आई है. यहां HIV पॉजिटिव मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है और जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए यह स्थिति गंभीर चुनौती बन गई है. सीतामढ़ी जिला अस्पताल के ART सेंटर की रिपोर्ट के अनुसार जिले में करीब 7400 HIV पॉजिटिव मरीज दर्ज किए जा चुके हैं. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इन मरीजों में 400 से अधिक छोटे बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें यह संक्रमण उनके माता–पिता से मिला है
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, सीतामढ़ी में हर महीने 40 से 60 नए HIV पॉजिटिव मरीज ART सेंटर में निबंधित हो रहे हैं. ART सेंटर से हर महीने करीब 5,000 मरीजों को नियमित दवाएं भी दी जा रही हैं. जबकि शेष मरीज बिहार के बाहर दूसरे राज्यों में इलाज करा रहे हैं. लगातार बढ़ती संख्या ने सीतामढ़ी ART सेंटर को पूरे बिहार का हाईलोड सेंटर बना दिया है, जो स्वास्थ्य विभाग के लिए बेहद चिंताजनक संकेत है.
जिले में HIV संक्रमित बच्चों की संख्या ने सभी को हैरान कर दिया है. रिपोर्ट के अनुसार 400 बच्चे इस वायरस की चपेट में हैं. ये बच्चे ऐसे परिवारों से आते हैं, जहां माता या पिता HIV पॉजिटिव हैं और यह संक्रमण जन्म से ही बच्चों में पहुंच गया. डॉक्टरों का मानना है कि यह स्थिति बेहद गंभीर है और इसके लिए समाज में जागरूकता की भारी कमी जिम्मेदार है.
ART सेंटर के मेडिकल ऑफिसर डॉ. हसीन अख्तर ने कहा कि HIV को लेकर समाज में जागरूकता का स्तर बहुत कम है. समय–समय पर विभाग द्वारा अभियान चलाए जाने के बावजूद संक्रमण के मामलों में कमी नहीं आ रही है. उन्होंने कहा- “हर महीने 40–60 नए केस सामने आ रहे हैं. ART सेंटर से 5,000 मरीजों को दवा दी जाती है. सीतामढ़ी अब HIV का हाईलोड सेंटर बन गया है, जो बेहद चिंतनीय है.”
शादी, प्रवास और जागरूकता की कमी से बढ़ रहा खतरा
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि HIV संक्रमण का बढ़ना कई सामाजिक कारणों से जुड़ा है
बिना जांच शादी होना
लंबे समय तक बाहर रहने वाले प्रवासी मजदूर
संक्रमण को लेकर जागरूकता की कमी
सामाजिक शर्म की वजह से टेस्ट न करवाना
इन वजहों से जिले में HIV के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है.
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
प्रशासन ने ART सेंटर के माध्यम से इलाके में जागरूकता कार्यक्रमों को और तेज करने का फैसला किया है. साथ ही गांव–गांव जाकर HIV टेस्ट कैंप लगाने की योजना भी तैयार की जा रही है. सीतामढ़ी में HIV के बढ़ते मामले न केवल जिले के लिए बल्कि पूरे बिहार के लिए एक बड़ा स्वास्थ्य अलार्म हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर समय रहते व्यापक स्तर पर जागरूकता नहीं बढ़ाई गई, तो स्थिति और भयावह हो सकती है.






Total Users : 10074731
Views Today : 126