Explore

Search

February 19, 2026 10:08 am

गोपालगंज में मानव तस्करी का प्रयास नाकाम: 20 हजार में ‘खरीदकर’ राजस्थान ले जाई जा रही किशोरी बरामद, तीन हिरासत में

गोपालगंज में मानव तस्करी का प्रयास नाकाम: 20 हजार में ‘खरीदकर’ राजस्थान ले जाई जा रही किशोरी बरामद, तीन हिरासत में

गोपालगंज (बिहार): नगर थाना क्षेत्र के बंजारी स्थित बब्लू पेट्रोलियम के पास पुलिस ने एक किशोरी को बरामद किया है, जिसे कथित तौर पर 20 हजार रुपये में खरीदकर जबरन शादी कर राजस्थान ले जाया जा रहा था। स्थानीय लोगों की सतर्कता से यह मामला उजागर हुआ। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए।
विरोध करने पर खुला मामला
बताया जाता है कि बेतिया की रहने वाली एक किशोरी को बहला-फुसलाकर राजस्थान ले जाया जा रहा था। वहां उसकी जबरन शादी एक व्यक्ति से तय की गई थी।
गोपालगंज पहुंचने पर किशोरी ने विरोध शुरू कर दिया और शोर मचाया। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
तीन आरोपी हिरासत में, दो फरार
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घेराबंदी कर तीन लोगों को पकड़ लिया गया, जबकि दो लोग भागने में सफल रहे। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।
डायल 112 टीम के एसआई सुनील कुमार ठाकुर ने बताया कि सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई और लड़की को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
‘बेचने’ का आरोप, धमकाने की भी शिकायत
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसे जबरन राजस्थान ले जाया जा रहा था। उसने आरोप लगाया कि बिचौलियों के माध्यम से मोटी रकम लेकर उसका सौदा किया गया। विरोध करने पर उसे डराया-धमकाया गया। किशोरी के अनुसार, वह इस शादी के लिए तैयार नहीं थी और उसे अंधेरे में रखकर यह पूरा मामला तय किया गया।
स्थानीय लोगों की भूमिका अहम
मौके पर मौजूद स्थानीय निवासी प्रभु यादव ने बताया कि राजस्थान के पांच लोग लड़की को साथ ले जा रहे थे, लेकिन वह लगातार विरोध कर रही थी। एक महिला ने दावा किया कि लड़की के पिता को पैसे दिए गए हैं, जबकि किशोरी इसका खंडन कर रही थी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। मामले को मानव तस्करी और जबरन शादी से जोड़कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!