Explore

Search

April 14, 2026 9:03 pm

एलएनएमयू में रक्त ग्रुप जांच शिविर का आयोजन, कुलपति ने किया उद्घाटन

एलएनएमयू में रक्त ग्रुप जांच शिविर का आयोजन, कुलपति ने किया उद्घाटन

बिहार के दरभंगा स्थित ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य केन्द्र एवं एनएसएस कोषांग के संयुक्त तत्वावधान में एकदिवसीय निःशुल्क रक्त ग्रुप जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी ने फीता काटकर किया।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केन्द्र छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र द्वारा स्वास्थ्य संबंधी सर्टिफिकेट कोर्स शीघ्र प्रारंभ करने की योजना बनाने पर बल दिया, ताकि विद्यार्थियों को व्यावहारिक स्वास्थ्य ज्ञान प्राप्त हो सके। इस दौरान कुलपति ने स्वयं अपने रक्त समूह की जांच कराई और स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में लीची का पौधा भी लगाया।
91 स्वयंसेवकों की हुई रक्त समूह जांच
चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गीतेन्द्र ठाकुर ने बताया कि स्वयंसेवकों के रक्त समूह की जांच कर छात्रों का डेटाबेस तैयार किया जा रहा है, जिससे आपातकालीन स्थिति में रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद की जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि लगभग तीन वर्षों से बंद स्वास्थ्य केन्द्र को पुनः प्रारंभ कराने के लिए कुलपति के प्रति आभार व्यक्त किया गया। शिविर में कुल 91 स्वयंसेवकों की रक्त समूह जांच की गई और भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाने की योजना है।
रक्त समूह की जानकारी जीवन रक्षक
एनएसएस समन्वयक डॉ. आर. एन. चौरसिया ने कहा कि दुर्घटना, ऑपरेशन, रक्त कैंसर, एनीमिया और थैलेसीमिया जैसी स्थितियों में रक्त की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे समय रक्त समूह की जानकारी होने से समय की बचत होती है और जीवन बचाने की संभावना बढ़ जाती है।
कार्यक्रम में प्रो. ए. के. बच्चन, डॉ. सोनू राम शंकर, डॉ. उदय कुमार, अमरेश कुमार झा, अजमत इमाम, लाल किशोर झा, शिवनाथ सहित 100 से अधिक लोग उपस्थित रहे। तकनीकी सहयोग में अनुपम कुमार, राजेश रोशन, अशोक कुमार झा तथा स्वयंसेवक समरेश कुमार का योगदान सराहनीय रहा।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!