फर्जी वेबसाइट से 20 करोड़ की ठगी का पर्दाफाश, मुख्य आरोपी गुड़गांव से गिरफ्तार
ऑनलाइन नेटवर्किंग और निवेश के नाम पर लोगों को बनाया शिकार, परिवार समेत कई लोग गिरोह में शामिल
न
बिहार के रोहतास जिला की पुलिस ने ऑनलाइन नेटवर्किंग और फर्जी वेबसाइट के जरिए करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी रौशन कुमार कश्यप को गुड़गांव से गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में करीब 20 करोड़ रुपये की ठगी का खुलासा हुआ है, जबकि एक विशेष मामले में 2 करोड़ 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी दर्ज की गई है।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार सासाराम के शेरगंज मोहल्ला निवासी 40 वर्षीय रौशन कुमार कश्यप को हरियाणा के गुड़गांव सेक्टर-85 स्थित एक फ्लैट से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर उसे दबोचा। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, लेकिन रोहतास पुलिस की टीम ने छापेमारी कर उसे पकड़ लिया।
हैरान करने वाला ठगी का तरीका
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने myadapool.net और ‘टीसीएल आडा’ नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से नेटवर्किंग का जाल फैलाया था। लोगों को विदेशी कंपनियों में निवेश का लालच देकर हर महीने 10 प्रतिशत मुनाफे का वादा किया जाता था।
निवेशकों को यह भरोसा भी दिलाया जाता था कि यदि पैसा सुरक्षित नहीं रहा तो जमीन या पूरी पूंजी वापस कर दी जाएगी। शुरुआत में कुछ लोगों को ब्याज देकर विश्वास बनाया गया, लेकिन बाद में बड़ी रकम जमा कराकर आरोपी फरार हो गया।
परिवार और टीम की संलिप्तता
इस ठगी के नेटवर्क में आरोपी की पत्नी, भाई राकेश कुमार कश्यप, उसकी पत्नी और छोटा भाई राजू कश्यप भी शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा दिल्ली के दर्शन सोलंकी और गुड़गांव के नारायण राय का नाम भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के एक भाई की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है। यह गिरोह स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय सेमिनार आयोजित कर लोगों को निवेश के लिए प्रेरित करता था।
पीड़ितों की संख्या और ठगी की राशि
मामले में रोशन कुमार गुप्ता, राकेश कुमार, सत्येंद्र कुमार सिंह, नीरज कुमार गुप्ता और महेंद्र कुमार सिंह सहित दर्जनों लोगों से ठगी की बात सामने आई है। शुरुआती अनुमान के अनुसार कुल ठगी की राशि करीब 20 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद कई पीड़ित थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करा रहे हैं।
पुलिस की जांच जारी
इस मामले में दिलीप कुमार ने बताया कि सासाराम नगर थाना में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम ने गुड़गांव में छापेमारी की, जहां से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनाधिकृत ऑनलाइन स्कीम या अधिक मुनाफे के लालच देने वाली निवेश योजनाओं से सावधान रहें और निवेश करने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।






Total Users : 10072252
Views Today : 1373