Explore

Search

April 11, 2026 1:29 am

अब खाद के लिए नहीं भटकेंगे किसान, बिहार कृषि ऐप पर रियल टाइम उर्वरक उपलब्धता दुकानदार नहीं कर पाएंगे गुमराह : राम कृपाल यादव*

*अब खाद के लिए नहीं भटकेंगे किसान, बिहार कृषि ऐप पर रियल टाइम उर्वरक उपलब्धता दुकानदार नहीं कर पाएंगे गुमराह : राम कृपाल यादव*

 

पटना। किसानों की सुविधा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बिहार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने कृषि भवन, मीठापुर में बिहार कृषि मोबाइल ऐप पर रियल टाइम उर्वरक उपलब्धता की जानकारी प्राप्त करने की सुविधा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसानों को उर्वरक उपलब्धता में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए कृषि विभाग द्वारा पूर्व से संचालित बिहार कृषि मोबाइल ऐप में यह नई सुविधा जोड़ी गई है। किसान भाई इस ऐप का उपयोग कर अपने आसपास के उर्वरक दुकानों में उपलब्ध यूरिया, डीएपी सहित सभी प्रकार के उर्वरकों की वास्तविक जानकारी सीधे अपने मोबाइल पर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि दुकानों में उर्वरक उपलब्ध रहने के बावजूद किसानों को “स्टॉक नहीं है” कहकर लौटा दिया जाता था। यह स्थिति किसानों के कष्टकारी थी, जिसे समाप्त करने के लिए यह पहल की गई है। अब कोई भी दुकानदार किसानों को गुमराह नहीं कर पाएगा और दुकानों में उपलब्ध उर्वरकों का पूरा विवरण सार्वजनिक रहेगा। कृषि मंत्री ने कहा कि इस व्यवस्था से कालाबाजारी, जमाखोरी और अधिक मूल्य वसूली पर प्रभावी रोक लगेगी तथा उर्वरक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। यह पहल तकनीक के माध्यम से किसानों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का मानना है कि किसान मजबूत होंगे तो राज्य और देश मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के सम्मान, सुविधा और समृद्धि के लिए लगातार नई पहल कर रही है और आगे भी किसानों के हित में ऐसे कदम उठाती रहेगी। हमारा संकल्प है। किसान को समय पर उर्वरक, उचित मूल्य पर उर्वरक और बिना किसी परेशानी के उर्वरक उपलब्ध कराना। कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने बताया कि मेरी जानकारी के अनुसार इस प्रकार की सुविधा भारत के किसी अन्य राज्य में अभी तक उपलब्ध नहीं है और इस दिशा में बिहार पहला राज्य बन गया है। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में राज्य के करीब 09 लाख 35 हजार किसान बिहार कृषि ऐप का उपयोग कर कृषि विभाग की योजनाओं, मौसम संबंधित जानकारी, फसल सुरक्षा, फसलों के बाजार भाव सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां घर बैठे प्राप्त कर रहे हैं। यह पहल किसानों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने और कृषि क्षेत्र में पारदर्शिता लाने की दिशा में बिहार सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!