सिंघिया में सहयोग शिविर की तैयारी तेज, बीडीओ विवेक रंजन ने लिया जायजा
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत राज कुण्डल-1 एवं कुण्डल-2 में 16 जून 2026 (मंगलवार) को “सहयोग शिविर” का आयोजन किया जाएगा। शिविर के सफल संचालन को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) विवेक रंजन द्वारा दोनों पंचायतों के निर्धारित शिविर स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत राज कुण्डल-1 में पंचायत सरकार भवन प्रांगण में सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा ग्राम पंचायत राज कुण्डल-2 के पंचायत सरकार भवन, बसुआ में दोपहर 1:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा।
बीडीओ के निर्देश पर दोनों पंचायतों में आम लोगों को सरकारी योजनाओं से संबंधित शिकायत, समस्या एवं सुझाव दर्ज कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए पंचायत स्तर पर लाउडस्पीकर और माइकिंग के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविर का लाभ उठा सकें। साथ ही लोगों से शिविर से पूर्व पंचायत कार्यालय में आवेदन जमा करने की अपील भी की जा रही है।
इसके अतिरिक्त 17 एवं 18 जून 2026 को प्रखंड मुख्यालय स्थित किसान भवन में प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर भी प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बीडीओ विवेक रंजन द्वारा विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं तथा जनप्रतिनिधियों को भी पत्र के माध्यम से शिविर की जानकारी देकर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रशासन का उद्देश्य है कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।



Total Users : 10119200
Views Today : 4298