नेपाल में जलप्रलय से पृथ्वी राजमार्ग ध्वस्त, भारत से LPG-पेट्रोल की सप्लाई पर संकट
मोतिहारी: नेपाल में भारी बारिश और जलप्रलय के बीच काठमांडू को जोड़ने वाले प्रमुख पृथ्वी राजमार्ग का करीब 20 मीटर हिस्सा धंसकर टूट गया है। धादिंग जिले के कृष्णाभीर के पास सड़क क्षतिग्रस्त होने के बाद मुगलिंग और काठमांडू के बीच वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
बताया जा रहा है कि 26 अगस्त को नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र में ग्लेशियर फटने के बाद भारी बारिश, नदियों के बढ़ते जलस्तर और कटाव से हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। अब इसका असर भारत-नेपाल के बीच व्यापार और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पर भी पड़ने लगा है।
LPG और पेट्रोल-डीजल की सप्लाई पर असर
पृथ्वी राजमार्ग भारत से वीरगंज, हेटौडा, नारायणघाट और मुगलिंग होते हुए काठमांडू को जोड़ता है। इस मार्ग के बाधित होने से भारत से नेपाल जाने वाली LPG, पेट्रोल और डीजल की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका है।
नेपाल सरकार ने आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों से ईंधन पहुंचाने की तैयारी शुरू कर दी है। LPG के लिए कृष्णाभीर से पहले स्थित गैस बॉटलिंग प्लांट में टैंकरों से गैस उतारकर सिलेंडरों में भरने की व्यवस्था की जा रही है।
781 लोगों की मौत, करीब 3000 लोग लापता
नेपाल में आई इस भीषण प्राकृतिक आपदा के कारण अब तक 781 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि करीब 3000 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। लगातार खराब मौसम और बढ़ते जलस्तर के बीच राहत एवं बचाव कार्यों के सामने भी बड़ी चुनौती बनी हुई है।

Total Users : 10199134
Views Today : 1936