Explore

Search

September 15, 2026 7:39 pm

गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंजा शिवरामा, 51 कन्याओं की कलश यात्रा के साथ गणेश पूजा का शुभारंभ

गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंजा शिवरामा, 51 कन्याओं की कलश यात्रा के साथ गणेश पूजा का शुभारंभ

 

शिवाजीनगर। प्रखंड अंतर्गत डुमरा मोहन पंचायत के शिवरामा गांव के भगवती स्थान परिसर में मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं गणपति बप्पा मोरया के जयघोष के बीच सात दिवसीय गणेश पूजा का शुभारंभ हुआ। पूजा के प्रथम दिन 51 कुमारी कन्याओं ने कलश यात्रा में भाग लिया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु शामिल हुए। गाजे बाजे के साथ निकली कलश यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए करेह नदी के बरियाही घाट पहुंची। वहां पंडित संतोष झा के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि विधान के साथ कलशों में पवित्र जल भरवाया गया। इसके बाद श्रद्धालु पुनः नगर भ्रमण करते हुए पूजा स्थल पहुंचे, जहां विधिवत कलश स्थापित कर गणेश पूजा का शुभारंभ किया गया। कलश यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र गणपति बप्पा मोरया और अन्य धार्मिक जयघोष से गूंजता रहा। कन्याओं के सिर पर सजे कलश और उनके साथ चल रहे श्रद्धालुओं के कारण वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। जगह-जगह ग्रामीणों ने कलश यात्रा का स्वागत किया। पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि शिवरामा भगवती स्थान में गणेश पूजा का आयोजन लगातार करीब नौ वर्षों से किया जा रहा है। प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी पूजा को भव्य एवं आकर्षक रूप देने के लिए विशेष तैयारी की गई है। इस वर्ष 15 सितंबर से 21 सितंबर तक गणेश पूजा एवं मेला का आयोजन किया जाएगा।

सवा क्विंटल के एक लड्डू का लगेगा भोग शिवरामा में आयोजित गणेश पूजा की सबसे खास विशेषता भगवान गणेश को चढ़ाया जाने वाला विशाल लड्डू है। पूजा के दौरान करीब सवा क्विंटल वजन का एक लड्डू तैयार कर भगवान गणेश को भोग लगाया जाता है। विशाल लड्डू श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहता है। इसे देखने और भगवान गणेश के दर्शन के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पूजा स्थल पहुंचते हैं। पूजा समिति के सदस्यों के अनुसार विशाल लड्डू तैयार कराने की परंपरा आयोजन की प्रमुख विशेषताओं में शामिल है। गणेश पूजा के साथ यहां लगने वाला मेला भी लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा। मेला परिसर में ब्रेक डांस, मीना बाजार, टावर झूला, बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के झूले सहित कई मनोरंजन के साधन लगाए गए हैं। प्रत्येक दिन आसपास के गांवों से बच्चे, युवा और महिलाएं मेला देखने पहुंचेंगे। पूजा के साथ लोगों को मनोरंजन का अवसर मिले, इसे ध्यान में रखते हुए मेला परिसर में विशेष व्यवस्था की गई है। शाम होते ही मेला परिसर में चहल-पहल बढ़ने की उम्मीद है।

गणेश पूजा के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। पंडित संतोष झा द्वारा प्रत्येक दिन रात करीब आठ बजे से 10 बजे तक भगवद्गीता का प्रवचन किया जाएगा। प्रवचन के माध्यम से श्रद्धालुओं को गीता के उपदेशों एवं भगवान श्रीकृष्ण के संदेशों से परिचित कराया जाएगा। पूजा समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से प्रवचन में शामिल होकर धार्मिक आयोजन का लाभ उठाने की अपील की है। पूजा-अर्चना भी पंडित संतोष झा के द्वारा विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कराई जा रही है। पूजा में मुख्य जजमान के रूप में विनोद कुमार मंडल शामिल हैं। आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष राम नारायण सिंह, राम नारायण मंडल, सुभाष मंडल, संजय मंडल, वीरेंद्र मंडल, ताराकांत शर्मा, कमलेश कुमार सिंह, हरेराम मंडल, अरुण मुखिया, राम करण साह, रमाकांत शर्मा, त्रिवेणी शर्मा, सुमित कुमार मंडल, रामावतार मुखिया, रामप्रसाद मंडल, हीरालाल शर्मा, किशोरी प्रसाद सिंह, सुमित कुमार, मनोज कुमार मंडल, मुन्नालाल, डॉ. प्रदीप कुमार, श्याम बालक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण सहयोग कर रहे हैं। ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से सात दिवसीय गणेश पूजा को भव्य रूप देने की तैयारी की गई है। आयोजकों ने बताया कि गणेश पूजा के दौरान प्रतिदिन पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां जारी रहेंगी। शाम के समय मेला परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना है। ग्रामीणों में भी आयोजन को लेकर उत्साह है। नौ वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के कारण गणेश पूजा शिवरामा समेत आसपास के क्षेत्र में आस्था और सामाजिक सहभागिता का प्रमुख केंद्र बन चुकी है। मंगलवार को कलश यात्रा के साथ शुरू हुए आयोजन से पूरे गांव में उत्सव का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की तथा पूजा को सफल बनाने का संकल्प लिया।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!