दरभंगा में ट्रेनिंग के दौरान हादसा, आंसू गैस की चपेट में आए 100 से अधिक BSAP जवान
बिहार के दरभंगा जिले में BSAP-13 परिसर में बुधवार को एंटी-रायट और आंसू गैस की ट्रेनिंग के दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई। प्रशिक्षण के दौरान आंसू गैस का गोला छोड़े जाने के बाद उसके धुएं की चपेट में आने से 100 से अधिक जवानों की तबीयत बिगड़ने की खबर है।
जवानों को आंखों में जलन, खुजली, उल्टी, चक्कर और घबराहट जैसी शिकायतें हुईं। इसके बाद कई एंबुलेंस की मदद से जवानों को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) पहुंचाया गया।
BSAP-13 के कमांडेंट रवीश कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान कुछ जवान आंसू गैस के धुएं की चपेट में आ गए थे। शुरुआत में करीब पांच जवानों की तबीयत ज्यादा बिगड़ी, जबकि अन्य जवानों ने हल्की परेशानी और खुजली की शिकायत की। सभी को एहतियातन अस्पताल भेजा गया।
डॉक्टरों के मुताबिक जवानों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। अधिकांश जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि कुछ को निगरानी में रखा गया है।

Total Users : 10256112
Views Today : 2610