बूढ़ी गंडक नदी में युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका
बेगूसराय। जिले के नावकोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत काली स्थान (श्रीलाल साह डेरा) के पास गुरुवार को बूढ़ी गंडक नदी में एक युवक और एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी में नहाने गए स्थानीय लोगों ने दोनों शवों को पानी में तैरते देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही नावकोठी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नदी से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने जांच के दौरान युवक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के निजामत गांव निवासी रोशन कुमार (22), पिता अर्जुन शाह, के रूप में की।
बताया गया है कि रोशन कुमार के परिजनों ने दो दिन पहले उसके लापता होने की शिकायत मुफस्सिल थाना में दर्ज कराई थी।
वहीं, युवती की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, युवती का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला है। उसके दाएं हाथ पर ‘फूलवती देवी, पति रूदल सहनी’ नाम का टैटू बना हुआ है। पुलिस इसी टैटू के आधार पर युवती की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
स्थानीय स्तर पर दोनों की मौत को लेकर प्रेम-प्रसंग और हत्या की आशंका की चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Total Users : 10257999
Views Today : 1128