Explore

Search

October 9, 2026 3:39 am

टीबी-मुक्त भारत अभियान को लेकर समस्तीपुर में बैठक, उप विकास आयुक्त ने दिए जरूरी निर्देश

टीबी-मुक्त भारत अभियान को लेकर समस्तीपुर में बैठक, उप विकास आयुक्त ने दिए जरूरी निर्देश

समस्तीपुर, 08 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री के टीबी-मुक्त भारत अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने और जिले में टीबी उन्मूलन की गतिविधियों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ने की।

बैठक में सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार, डॉ. विशाल सहित स्वास्थ्य विभाग एवं टीबी उन्मूलन कार्यक्रम से जुड़े पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के तहत जिले में टीबी की पहचान, जांच, उपचार और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को संभावित मरीजों की समय पर पहचान और जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि टीबी के खिलाफ लड़ाई केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और आम लोगों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

उप विकास आयुक्त ने निक्षय पोषण योजना और निक्षय मित्र पहल को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सक्षम लोगों और संस्थाओं से टीबी मरीजों को गोद लेकर उपचार अवधि में पोषण एवं सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराने की अपील की।

बैठक में टीबी के लक्षणों के प्रति लोगों को जागरूक करने, समय पर जांच कराने तथा बीमारी से जुड़ी भ्रांतियों और सामाजिक कलंक को दूर करने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।

सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी मरीजों की पहचान, जांच, उपचार और फॉलोअप के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि दो सप्ताह या उससे अधिक समय से खांसी, लगातार बुखार, रात में पसीना, वजन कम होना, भूख में कमी या बलगम में खून आने जैसे लक्षण होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच अवश्य कराएं।

अंत में उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय और जनभागीदारी के साथ कार्य करते हुए समस्तीपुर जिले को टीबी उन्मूलन की दिशा में अग्रणी बनाने का निर्देश दिया।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!