छूटे मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए 15 और 16 अक्टूबर को लगेगा विशेष कैंप
शिवाजीनगर
प्रखंड अंतर्गत मतदाता सूची को अद्यतन करने और मतदाता बनने से वंचित योग्य नागरिकों को सूची में शामिल करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसी को लेकर मंगलवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सभागार में बीएलओ बूथ लेवल ऑफिसर एवं सुपरवाइजर की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह ने की। इसमें आगामी 15 एवं 16 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विशेष मतदाता कैंप की तैयारियों की समीक्षा की गई। बीडीओ ने संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए अभियान को गंभीरता से पूरा करने और पात्र मतदाताओं तक इसकी जानकारी पहुंचाने का निर्देश दिया। बैठक में बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि निर्धारित तिथियों पर शिवाजीनगर प्रखंड के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाया जाएगा। इस दौरान मतदाता सूची में अब तक नाम दर्ज कराने से वंचित योग्य नागरिकों को नाम जुड़वाने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर सुधार कराने तथा नियमानुसार अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए भी संबंधित कर्मियों की सहायता उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में पात्र नागरिकों का नाम दर्ज होना आवश्यक है, ताकि कोई भी योग्य व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित नहीं रहे।
बीडीओ ने सभी सुपरवाइजर एवं बीएलओ को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर निर्धारित तिथियों में सक्रिय रूप से उपस्थित रहें। कैंप में आने वाले लोगों को मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दें और आवेदन भरने में आवश्यक सहयोग करें। उन्होंने कहा कि विशेष अभियान का उद्देश्य केवल कैंप आयोजित करना नहीं, बल्कि योग्य नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करना भी है। इसके लिए संबंधित कर्मियों को अपने क्षेत्र में लोगों से संपर्क स्थापित करने और कैंप की जानकारी अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। बैठक में रोसड़ा विधानसभा क्षेत्र संख्या 139 एवं वारिसनगर विधानसभा क्षेत्र संख्या 132 से संबंधित सुपरवाइजर और बीएलओ शामिल हुए। अधिकारियों ने मतदान केंद्रवार तैयारियों, मतदाताओं तक सूचना पहुंचाने और निर्धारित समय पर आवश्यक कार्यों को पूरा करने पर चर्चा की। बीएलओ को निर्देश दिया गया कि वे अपने क्षेत्र में ऐसे योग्य नागरिकों की पहचान करने पर ध्यान दें, जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है। साथ ही मतदाताओं को सही जानकारी देकर आवेदन प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि विशेष कैंप का अधिक से अधिक पात्र लोग लाभ उठा सकें।प्रशासन की ओर से मतदाताओं से भी अपील की गई कि वे अपनी मतदाता सूची में दर्ज विवरणों की जांच कर लें। यदि उनका नाम सूची में शामिल नहीं है या दर्ज विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, तो 15 और 16 अक्टूबर को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर आयोजित विशेष कैंप में पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराएं। इससे मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने में मदद मिलेगी। बैठक में शांति भूषण, मृत्युंजय कुमार राय, प्रदीप कुमार, प्रमोद कुमार सिंह, राजकुमार राय, उमेश प्रसाद राय, नीलू कुमारी, पारसनाथ महाराज, संतोष कुमार, अमित मिश्रा, रतन राय, राजेश कुमार, बिहारी दास, सुनील कुमार राय, बबलू कुमार साहू, सुदर्शन कुमार, राम कल्याण मंडल, रामकुमार मांझी, रामनाथ पंडित सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।

Total Users : 10268038
Views Today : 866