बेगूसराय में गंगा नदी में पलटी 35 लोगों से भरी नाव, दो लोग लापता, चार घायल
बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम गंगा नदी में बड़ा हादसा हो गया। चमथा-1 पंचायत के चमथा रजौली गांव के पास 30 से 35 लोगों से भरी नाव अचानक पलट गई। हादसे के बाद नदी में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में दो लोगों के लापता होने की सूचना है, जबकि चार लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, गांव के लोग गंगा नदी के पार करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित दियारा क्षेत्र में परवल की रोपनी करने गए थे। काम खत्म होने के बाद सभी नाव से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नाव पर अधिक लोगों के सवार होने के कारण वह अचानक पलट गई।
नाव पलटने के बाद कई लोग तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए। वहीं, चार लोग घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में चमथा रजौली गांव निवासी पूनम कुमारी (15) और चंदन कुमार (16) भी शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृष्ण कुमार, अंचलाधिकारी प्रीतम गौतम और बछवाड़ा थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से लापता दोनों लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
फिलहाल लापता लोगों की खोजबीन जारी है। प्रशासन और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

Total Users : 10294864
Views Today : 2828