पोखर में स्नान करने गए युवक की डूबने से मौत, मां का रो-रोकर बुरा हाल
दसौत पंचायत के ब्रह्म देवता पोखर में मिला शव, मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था रोशन
शिवाजीनगर
प्रखंड अंतर्गत दसौत पंचायत के ब्रह्म देवता टोला वार्ड 13 में गुरुवार को पोखर में स्नान करने गए एक 20 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान ब्रह्म देवता तोला गांव निवासी महेश पासवान के पुत्र रोशन पासवान के रूप में की गई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। जवान बेटे की मौत से मां मरनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार बेटे का नाम लेकर विलाप करते हुए कह रही थीं कि अब किसके सहारे जीवन कटेगा। परिजनों और सगे संबंधियों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। परिजनों के अनुसार रोशन गुरुवार को करीब एक से डेढ़ बजे के बीच ब्रह्म देवता पोखर में स्नान करने गया था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। कुछ देर बाद लोगों की नजर पोखर के किनारे रखे उसके कपड़े और चप्पल पर पड़ी। युवक के आसपास नहीं दिखने पर लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पोखर में उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद पोखर से रोशन का शव बरामद किया गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। रोशन तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके परिवार में दो भाई संतोष पासवान और विपिन पासवान हैं। उसकी दो बहनें भी हैं। रोशन की शादी नहीं हुई थी। वह गांव में ही मजदूरी कर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए रोशन की मौत बड़ा आघात बनकर आई है। बेटे को खोने के गम में मां मरनी देवी बार-बार बेसुध हो जा रही थीं। घटना की जानकारी मिलने पर रिश्तेदार भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को संभालने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलने पर सीओ अम्बपाली यादव, अपर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहींपंचायत के मुखिया नटवर कुमार राय और सरपंच विश्वनाथ राय भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता दिलाने का भरोसा दिया। सीओ अम्बपाली यादव ने बताया कि पोखर में डूबने से एक युवक की मौत हुई है। पीड़ित परिवार को सरकार के प्रावधानों के अनुसार मिलने वाला मुआवजा दिलाने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी।
वहीं अपर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि पोखर में डूबने से युवक की मौत के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Total Users : 10295752
Views Today : 4667