Explore

Search

October 30, 2026 9:14 pm

दुलारचंद यादव हत्याकांड: अनंत सिंह की जमानत रद्द, सुप्रीम कोर्ट ने 1 दिसंबर तक सरेंडर करने का दिया आदेश

दुलारचंद यादव हत्याकांड: अनंत सिंह की जमानत रद्द, सुप्रीम कोर्ट ने 1 दिसंबर तक सरेंडर करने का दिया आदेश

 

पटना। बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में बड़ा झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने पटना हाईकोर्ट के जमानत देने के फैसले को रद्द करते हुए अनंत सिंह को 1 दिसंबर 2026 तक आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया है। अदालत के इस फैसले के बाद उन्हें दोबारा जेल जाना पड़ सकता है।

 

30 अक्टूबर 2025 को हुई थी घटना

 

यह मामला 30 अक्टूबर 2025 का है, जब बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान मोकामा में अनंत सिंह के समर्थकों और जन सुराज प्रत्याशी प्रियदर्शी पीयूष के समर्थकों के बीच झड़प हुई थी। इस दौरान दुलारचंद यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनकी मौत हो गई थी।

घटना के बाद दुलारचंद यादव के परिजनों ने अनंत सिंह और उनके समर्थकों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया था। हालांकि, अनंत सिंह ने घटनास्थल पर मौजूद नहीं होने की बात कही थी। मामले में घोसवारी थाने में अनंत सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

नवंबर 2025 में हुई थी गिरफ्तारी

इस मामले में अनंत सिंह को 1 नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया था। करीब पांच महीने जेल में रहने के बाद 19 मार्च 2026 को पटना हाईकोर्ट से उन्हें जमानत मिल गई थी। इसके बाद 23 मार्च को वह बेऊर जेल से बाहर आए थे।

सुप्रीम कोर्ट ने जमानत का आदेश किया रद्द

दुलारचंद यादव के परिवार की ओर से अनंत सिंह को मिली जमानत को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई थी। 30 अक्टूबर 2026 को सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने पटना हाईकोर्ट के जमानत संबंधी आदेश को रद्द कर दिया।

रिपोर्ट के मुताबिक, न्यायमूर्ति एमए सुंदरेश और न्यायमूर्ति पीवी वराले की पीठ ने कहा कि जमानत देते समय आरोपी के आपराधिक इतिहास और अपराध की प्रकृति पर उचित रूप से विचार नहीं किया गया था। अदालत ने अनंत सिंह को 1 दिसंबर 2026 तक आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया।

अनंत सिंह ने जताया न्यायालय पर भरोसा

सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए अनंत सिंह ने कहा कि वह अदालत के आदेश का सम्मान करते हैं और निर्धारित समय के भीतर आत्मसमर्पण करेंगे। उन्होंने न्यायालय पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आगे फिर से जमानत मिल जाएगी।

दुलारचंद यादव हत्याकांड बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान काफी चर्चा में रहा था। अब सुप्रीम कोर्ट के ताजा फैसले के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में है।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!